देश की खबरें | व्यवस्थित ट्रायल, समान अवसर के कारण भारतीय निशानेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन: नारंग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग का मानना है कि व्यवस्थित ट्रायल, उचित अंकन प्रणाली और सभी दावेदारों को समान अवसर के कारण देश के निशानेबाजों ने पेरिस खेलों के लिए 15 कोटा स्थान हासिल किए।
नई दिल्ली, 12 जून ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग का मानना है कि व्यवस्थित ट्रायल, उचित अंकन प्रणाली और सभी दावेदारों को समान अवसर के कारण देश के निशानेबाजों ने पेरिस खेलों के लिए 15 कोटा स्थान हासिल किए।
लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीतने वाले नारंग को खुशी है कि पेरिस ओलंपिक में 15 निशानेबाज भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे जिसमें उनकी अकादमी की दो महिला निशानेबाज इलावेनिल वलारिवान और रमिता भी शामिल हैं।
प्रेस विज्ञप्ति में नारंग के हवाले से कहा गया, ‘‘ट्रायल भी बहुत व्यवस्थित तरीके से आयोजित किए गए जिसमें अंकन प्रणाली का उपयोग किया गया जिससे प्रतिभागियों को अपनी वास्तविक क्षमता दिखाने का समान अवसर मिला।’’
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के उपाध्यक्ष नारंग ने खिलाड़ियों को लाभान्वित करने वाली विभिन्न विकास योजनाओं में सरकार की भूमिका और उसके निवेश की सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ साल पहले तक निशानेबाजी में अन्य देशों का दबदबा था। लेकिन अब भारतीय निशानेबाज सभी प्रमुख प्रतियोगिताओं में शीर्ष स्थान हासिल कर रहे हैं जो खेल में हमारी प्रगति का सबसे बड़ा संकेत है।’’
नारंग ने कहा, ‘‘यह उल्लेखनीय सुधार सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बुनियादी ढांचे में निवेश करने और जमीनी स्तर पर खेलो इंडिया योजना द्वारा अपनाए गए वैज्ञानिक दृष्टिकोण और कार्यप्रणाली का परिणाम है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)