एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | लंदन में भारतीय-मूल के व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भारतीय मूल के 38 वर्षीय व्यक्ति की लंदन में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।

विदेश की खबरें | लंदन में भारतीय-मूल के व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, 18 जून भारतीय मूल के 38 वर्षीय व्यक्ति की लंदन में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।

इससे कुछ दिन पहले ब्रिटेन से ‘मास्टर ऑफ साइंस (एमएससी)’ की पढ़ाई कर रही हैदराबाद की तेजस्विनी कोंथम (27) की उत्तरी लंदन स्थित उनके घर में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी।

ब्रिटेन की मेट्रोपोलिटन पुलिस के अनुसार, “16 जून (शुक्रवार) को घटना की सूचना मिलने पर अधिकारी कैंबरवेल के साउथेम्प्टन वे स्थित आवासीय परिसर में पहुंचे। वहां उन्हें अरविंद शशिकुमार नाम का व्यक्ति बदहवास हालत में मिला। उसके शरीर पर चाकू से वार के निशान थे। शुक्रवार देर रात एक बजकर 31 मिनट पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।”

पुलिस ने बताया कि 17 जून (शनिवार) को साउथेम्प्टन वे के 25 वर्षीय सलमान सलीम पर हत्या के आरोप तय किए गए। सलीम को उसी दिन क्रॉयडन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। उसे 20 जून को ओल्ड बेली में पेश किया जाएगा, तब तक वह हिरासत में रहेगा।

समाचार पत्र ‘इवनिंग स्टैंडर्ड’ की खबर के मुताबिक, शशिकुमार के परिवार को सूचित कर दिया गया है और मेट्रोपोलिटन विशेषज्ञ अपराध कमान के अधिकारी उनकी हर संभव मदद करेंगे।

खबर के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि शशिकुमार की मौत सीने में चाकू लगने की वजह से हुई।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर उन्हें एक व्यक्ति मिला, जिस पर चाकू से हमला किया गया था। चिकित्सकीस पेशेवरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’’

कैंबरवेल और पेखम की सांसद हैरियट हर्मन ने इस घटना को ‘भयावह’ करार दिया और ‘शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना’ व्यक्त की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2023 09:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).