ब्रिटेन में रिपोर्टिंग करती भारतीय मूल की पत्रकार नस्लीय दुर्व्यवहार का शिकार
सीमा कोटेचा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के रविवार शाम को हुए राष्ट्र के नाम संबोधन पर प्रतिक्रिया लेने के लिए अपने शो के मेहमानों के साथ संपर्क साध रही थीं। लेकिन दुर्व्यवहार के चलते उन्हें अपना प्रसारण रोकना पड़ा।
लंदन, 12 मई बीबीसी की, भारतीय मूल की एक संवाददाता को धमकाने और उससे बदसलूकी करने के आरोप में 50 साल के एक शख्स को मंगलवार को ब्रिटेन की एक अदालत में पेश किया गया। जिस समय पत्रकार के साथ बुरा बर्ताव किया गया, उस समय वह लीसेस्टर सिटी सेंटर से एक कार्यक्रम के प्रसारण की तैयारी कर रही थीं।
सीमा कोटेचा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के रविवार शाम को हुए राष्ट्र के नाम संबोधन पर प्रतिक्रिया लेने के लिए अपने शो के मेहमानों के साथ संपर्क साध रही थीं। लेकिन दुर्व्यवहार के चलते उन्हें अपना प्रसारण रोकना पड़ा।
जॉनसन ने कोविड-19 के कारण लागू लॉकडाउन को धीरे-धीरे समाप्त करने के विषय पर देश को संबोधित किया था।
बीबीसी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमारी संवाददाता, उनकी प्रोडक्शन टीम और मेहमान प्रसारण की तैयारी कर ही रहे थे तभी उनके साथ नस्लीय दुर्व्यवहार की घटना घटी। हम नस्लवाद या अपने कर्मचारियों के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’
घटना की शिकायत लीसेस्टरशायर पुलिस से की गयी जिसने जांच शुरू की और लीसेस्टर से सोमवार को रसेल रॉलिंगसन नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पुलिस के बयान के अनुसार, ‘‘रविवार शाम को लीसेस्टर सिटी सेंटर में टेलीविजन के कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में 50 साल के एक व्यक्ति पर उत्पीड़न के लिए धमकाने, बदसलूकी करने, अपमानजनक शब्द बोलने के आरोप दर्ज किये गये हैं।’’
घटना के बाद कोटेचा ने ट्वीट किया, ‘‘अफसोस है। एक व्यक्ति ने मेरे साथ अपमानजनक बातें की जिससे सभी के लिए चीजें खराब हो गयीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक राष्ट्रीय संकट की रिपोर्टिंग को दुखद तरीके से बाधित किया गया।’’
कोटेचा के समर्थन में हजारों संदेश आये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 05:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

