एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | दुर्घटनावश गोली चलने से भारतीय मछुआरे घायल हुए: श्रीलंका नौसेना प्रमुख

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. श्रीलंकाई नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को दावा किया कि डेल्फ़्ट द्वीप के निकट 13 भारतीय मछुआरों को पकड़े जाने के दौरान दुर्घटनावश गोली चल जाने से दो मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए।

विदेश की खबरें | दुर्घटनावश गोली चलने से भारतीय मछुआरे घायल हुए: श्रीलंका नौसेना प्रमुख
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 29 जनवरी श्रीलंकाई नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को दावा किया कि डेल्फ़्ट द्वीप के निकट 13 भारतीय मछुआरों को पकड़े जाने के दौरान दुर्घटनावश गोली चल जाने से दो मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए।

श्रीलंका नौसेना के कमांडर वाइस एडमिरल कंचना बनगोडा ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, नौसेना के एक जवान से दुर्घटनाव‍श गोली चल गई, जिससे दो भारतीय मछुआरे घायल हो गए।

डेल्फ्ट द्वीप के निकट मंगलवार सुबह श्रीलंकाई नौसेना द्वारा की गई गोलीबारी में पांच भारतीय मछुआरे घायल हो गए थे, जिनमें दो गंभीर रूप से घायल हुए और इस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।

वाइस एडमिरल बनगोडा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि नौसेना के जवानों ने संदेह के आधार पर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मौजूद मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नौका को जब्त किया था क्योंकि जब उसे क्षेत्र से जाने के लिए कहा गया तो उसने इस निर्देश का पालन नहीं किया।

बनगोडा ने कहा, ‘‘जब नौसेना के जवान अपनी नाव पर बैठे तो भारतीयों ने जांच प्रक्रिया में बाधा डालने के लिए आक्रामक व्यवहार किया।’’

उन्होंने बताया कि भारतीय मछुआरे श्रीलंका के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे तथा क्षेत्र से दूर चले जाने की चेतावनी पर भी कोई ध्यान नहीं दे रहे थे।

बनगोडा ने बताया कि मछुआरों द्वारा नौसेना के जवानों को उनका कर्तव्य पालन करने में बाधा डालने के कारण टकराव हुआ और इसी दौरान गलती से गोली चल जाने के कारण दो भारतीय मछुआरे घायल हो गए।

भारत में श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय में म‍ंगलवार को‍ तलब किया गया और कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

भारत ने उक्त घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में बल प्रयोग ‘‘स्वीकार्य’’ नहीं है।

जाफना स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने घायल मछुआरों से अस्पताल में मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा मछुआरों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने श्रीलंका के विदेश मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाया।

श्रीलंकाई नौसेना ने कोलंबो स्थित भारतीय मिशन द्वारा दर्ज कराए गए विरोध के जवाब में यह बात कही।

नौसेना ने कहा कि उत्तरी जाफना प्रायद्वीप के वेल्वेत्तितुरई तट पर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में 27 जनवरी की रात को अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 13 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया।

इसमें कहा गया कि गिरफ्तार मछुआरों को मल्लकुम मजिस्ट्रेट अदालत ने 10 फरवरी तक रिमांड पर भेज दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 29, 2025 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).