देश की खबरें | कतर में नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों से भारतीय दूतावास के अधिकारियों, परिवार वालों ने मुलाकात की : विदेश मंत्रालय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि कतर में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने पिछले दिनों वहां हिरासत में लिए गए भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों से दूसरी बार मुलाकात की है तथा इन भारतीयों के परिवार के सदस्यों ने भी मुलाकात कर हालचाल जाना।
नयी दिल्ली, पांच जनवरी भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि कतर में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने पिछले दिनों वहां हिरासत में लिए गए भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों से दूसरी बार मुलाकात की है तथा इन भारतीयों के परिवार के सदस्यों ने भी मुलाकात कर हालचाल जाना।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि हम कतर में भारतीयों को हिरासत में लिये जाने के मामले से अवगत है। हमने वहां के प्रशासन के समक्ष इस मामले को लगातार उठाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ जैसे कि हमने पिछले सप्ताह बताया था कि हमें हिरासत में बंद भारतीयों तक राजनयिक पहुंच प्राप्त हुई है। भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने हिरासत में लिये गए भारतीयों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना है।’’
प्रवक्ता ने कहा कि इस मुलाकात में हमने यह जानने का भी प्रयास किया कि उन्हें और किस प्रकार की सहायता की जरूरत है।
यह दूसरा अवसर है जब नौसेना के पूर्व कर्मियों से मुलाकात के लिये राजनयिक पहुंच प्राप्त हुई है।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद इन भारतीयों के परिवार के कुछ सदस्य भी वहां गए और उनसे भेंट की।
उन्होंने कहा कि मंत्रालय नियमित रूप से इस मुद्दे को कतर प्रशासन के समक्ष उठा रहा है।
पिछले सप्ताह विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से इन भारतीय नागरिकों को हिरासत में लेने के कारणों के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा था कि इन्हें हिरासत में लेने या गिरफ्तार किये जाने के कारणों के बारे में कतर प्रशासन से पूछा जाए और इसके बारे में वे ही बेहतर बता सकते हैं।
ज्ञात हो कि कतर में हिरासत में लिये गये लोग दाहरा ग्लोबल टेक्नॉलोजी एंड कंसलटेंसी के लिए काम कर रहे थे। यह एक निजी कंपनी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)