खाड़ी देशों में फंसे लोगों को भारतीय राजनयिकों ने और विमानों का इंतजाम करने का आश्वासन दिया
भारत ने ‘वंदे भारत मिशन’ के तहत ओमान और सऊदी अरब में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने की शनिवार को शुरुआत कर दी।
मस्कट/रियाद, नौ मई कोविड-19 लॉकउाउन और यात्रा प्रतिबंधों की वजह से खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को भारत द्वारा वापस लाए जाने की शुरुआत करने के साथ ही भारतीय राजनयिकों ने इन देशों में रह रहे उन भारतीयों के लिए और उड़ानों के इंतजाम का आश्वासन दिया जो आवश्यक कारणों से घर लौटना चाहते हैं।
भारत ने ‘वंदे भारत मिशन’ के तहत ओमान और सऊदी अरब में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने की शनिवार को शुरुआत कर दी।
इस तरह की उड़ानों की शुरुआत सात मई से संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी और दुबई से हुई।
सऊदी अरब में भारत के राजदूत औसाफ सईद ने शुक्रवार को कहा कि रियाद से कोझिकोड के लिए उड़ान भरने वाले विमान में 152 यात्री लौटे।
सऊदी अरब स्थित भारतीय मिशन सोमवार को रियाद से दिल्ली सहित चार उड़ानों का अगले सप्ताह प्रबंध कर रहा है।
इस सप्ताह के अंत में दमन से कोच्चि एक तथा जेद्दाह से केरल के लिए दो उड़ानों की योजना बनाई गई है।
सऊदी अरब में मौजूद भारत के विभिन्न राज्यों के लोगों के लिए 16 मई से एक सप्ताह के लिए विभिन्न उड़ानों की योजना बनाई जा रही है।
सईद ने कहा कि जो लोग वापस जाना चाहते हैं, वे भारतीय दूतावास की वेबसाइट पर पंजीकरण करें। सभी फंसे यात्रियों को जल्द से जल्द उड़ानों में ले जाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच, यह महत्वपूर्ण है कि आप सभी शांत रहें और मनोबल को ऊंचा रखें तथा दहशत में न आएं।’’
शनिवार को 181 भारतीयों को लेकर मस्कट से कोच्चि के लिए एक उड़ान रवाना हुई।
ओमान में भारतीय राजदूत मुनु महावर ने सुगम वापसी प्रक्रिया के लिए गृह, नागरिक उड्डयन, स्वास्थ्य और विदेश मंत्रालय का धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने ओमान सरकार तथा इसकी शाही पुलिस का भी आभार व्यक्त किया।
महावर ने कहा, ‘‘आगामी दिनों में हम और अधिक उड़ानों का इंतजाम करेंगे, और मुझे विश्वास है कि सभी भारतीय जो आवश्यक कारणों से भारत लौटना चाहते हैं, वे वापस जाने में सफल होंगे।’’
इस बीच, शनिवार को 182 यात्रियों को लेकर शारजाह से लखनऊ के लिए एअर इंडिया की एक उड़ान रवाना हुई। उड़ान में ज्यादातर नर्स हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

