एजेंसी न्यूज

तेंदुलकर समेत भारतीय क्रिकेट जगत ने दी लारा को जन्मदिन की शुभकामनाएं

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की अगुवाई में भारतीय क्रिकेटरों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिये इस खेल के महानतम बल्लेबाजों में शुमार इस खिलाड़ी को बधाई दी।

तेंदुलकर समेत भारतीय क्रिकेट जगत ने दी लारा को जन्मदिन की शुभकामनाएं
जमात

नयी दिल्ली, दो मई टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 400 रन (नाबाद) का रिकार्ड बनाने वाले वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ब्रायन लारा शनिवार को 51 साल के हो गये।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की अगुवाई में भारतीय क्रिकेटरों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिये इस खेल के महानतम बल्लेबाजों में शुमार इस खिलाड़ी को बधाई दी।

तेंदुलकर ने ट्विटर पर लारा के साथ हाल ही की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘मेरे साथी टॉरियन (वृषभ राशि) को जन्मदिन की शुभकामनाएं। हाल ही में आपके साथ खेलकर अच्छा लगा था। प्रिंस आपसे जल्द मुलाकात होगी, अपना ध्यान रखे।’’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने भी बायें हाथ के इस महान बल्लेबाज को एकदिवसीय में खेली गयी उनकी बेहतरीन पारियों में एक को साझा करते हुए बधाई दी। आईसीसी ने 1996 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मैच की उनकी पारी का वीडियो साझा किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लारा की इस शतकीय पारी से वेस्टइंडीज विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा था।

लारा ने वेस्टइंडीज के लिए 131 टेस्ट में 52.88 की औसत से 11953 रन बनाए हैं। इसमें 34 शतक (9 दोहरे शतक) और 48 अर्धशतक शामिल हैं। एकदिवसीय में उन्होंने 299 मैचों में 19 शतक और 63 अर्धशतक के दम पर 10405 रन बनाये है। प्रथम श्रेणी मैच में भी उनके नाम 501 रन बनाने का रिकार्ड है।

भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी लारा के साथ ट्विटर पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘दिग्गज ब्रायन लारा को जन्मदिन की बधाई, प्रिंस ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो आप एक बेहतरीन इंसान हैं, उम्मीद करता हूं कि आपके लिए ये साल अच्छा बीतेगा।’’

ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने उन्हें बायें हाथ का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज करार देते हुए ट्वीट किया, ‘‘बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज, शानदार व्यक्तित्व, और कलात्मक बल्लेबाज ब्रायन लारा को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं खुशकिस्मत हूं कि प्रिंस ऑफ त्रिनिदाद के साथ क्रिकेट खेलने का मौका मिला।’’

भारतीय हरफनमौला और बायें हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘क्रिकेट के मैदान पर अविश्वसनीय रिकार्ड बनाने वाले इंसान ने मानवता का काम भी किया। इस खास दिन पर आपको सर्वश्रेष्ठ शुभकामनाएं। जन्मदिन की बधाई सर ब्रायन।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 07:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).