एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | भारतीय कंपाउंड तीरंदाज विश्व कप से बाहर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने शुक्रवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के तीसरे चरण में निराशाजनक प्रदर्शन किया तथा कोई भी खिलाड़ी व्यक्तिगत वर्ग में पदक दौर तक नहीं पहुंच सका।

खेल की खबरें | भारतीय कंपाउंड तीरंदाज विश्व कप से बाहर

अंताल्या (तुर्की), छह जून भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने शुक्रवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के तीसरे चरण में निराशाजनक प्रदर्शन किया तथा कोई भी खिलाड़ी व्यक्तिगत वर्ग में पदक दौर तक नहीं पहुंच सका।

शंघाई में पिछले चरण में दो स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक के साथ दक्षिण कोरिया के बाद दूसरे स्थान पर रहने वाला भारत यहां अभी तक पदकों का खाता नहीं खोल पाया है।

चौथी वरीयता प्राप्त और पिछले विश्व कप की विजेता मधुरा धामनगांवकर को क्वार्टर फाइनल में मैक्सिको की पांचवीं वरीयता प्राप्त मारियाना बर्नल ने हराया। मधुरा को महिला व्यक्तिगत वर्ग में 152-159 से हार का सामना करना पड़ा।

विश्व चैंपियन अदिति स्वामी भी अंतिम आठ चरण में मैक्सिको की दूसरी वरीयता प्राप्त एंड्रिया बेसेरा से 147-152 से हारकर बाहर हो गईं।

पुरुष वर्ग में 13वीं वरीयता प्राप्त ऋषभ यादव क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के 28वीं वरीयता प्राप्त निकोलस गिरार्ड से 149-157 से हार गए।

यादव ने इससे पहले प्री क्वार्टर फाइनल में अपने सीनियर साथी अभिषेक वर्मा को 157-154 से हराया था।

विश्व चैंपियन ओजस देवताले को पहले ही दौर में अमेरिका के जेम्स लुट्ज़ से 157-161 से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले गुरुवार को भारत रिकर्व और कंपाउंड दोनों वर्गों की टीम स्पर्धाओं से भी बाहर हो गया था। भारतीय खिलाड़ी अब मिश्रित टीम स्पर्धा में अपना भाग्य आजमाएंगे। इसके अलावा भारत की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धाओं पर भी उम्मीदें टिकी होंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2025 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).