देश की खबरें | भारतीय पर्वतारोही ने द. अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी चढ़ाई कर नया कीर्तिमान बनाया

न्यूयॉर्क, 24 जनवरी भारतीय पर्वतारोही भावना डेहरिया ने अर्जेंटीना में दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी एकॉनकागुआ चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर नया कीर्तिमान बनाया।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महिला सशक्तीकरण और लैंगिक समानता अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली डेहरिया ने बुधवार को 6,961 मीटर ऊंची चोटी एकॉनकागुआ पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की।

यह उपलब्धि डेहरिया के ‘सात शिखरों’ को फतह करने के मिशन में पांचवीं चोटी को चिह्नित करती है, जिसमें प्रत्येक महाद्वीप पर सबसे ऊंचे पर्वतों पर चढ़ाई करना शामिल है।

वह आज तक एवरेस्ट की चोटी (एशिया), किलिमंजारो (अफ्रीका), कोसियस्जको (ऑस्ट्रेलिया) और एल्ब्रस (यूरोप) की - इसके पश्चिम और पूर्व दोनों शिखरों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुकी हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह अभियान ‘‘एंडीज पर्वतमाला में दो सप्ताह की कठिन यात्रा का समापन है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनवरी 2015 में शुरू किए गए भारत के ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान की 10वीं वर्षगांठ का जश्न मनाता है।’’

डेहरिया अपनी बेटी सिद्धि मिश्रा के साथ इस अभियान की ब्रांड एंबेसडर हैं। यह सम्मान उन्हें भारत के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रदान किया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि सिद्धि मिश्रा ने पिछले साल अपनी मां के साथ एवरेस्ट आधार शिविर तक पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की बच्ची बनकर इतिहास रच दिया था।

डेहरिया ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान मेरी यात्रा में एक मार्गदर्शक रहा है। यह हमें याद दिलाता है कि हर लड़की को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए, जैसा कि मुझे एकॉनकागुआ में मिला।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)