खेल की खबरें | सात्विक-चिराग की अगुवाई में इंडोनेशिया में खिताब जीतने की कोशिश करेंगे भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. पूर्व चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी मंगलवार से यहां शुरू हो रहे 1,450,000 डॉलर पुरस्कार राशि के इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती की अगुआई करते हुए वापसी की लय जारी रखना चाहेगी।
जकार्ता, दो जून पूर्व चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी मंगलवार से यहां शुरू हो रहे 1,450,000 डॉलर पुरस्कार राशि के इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती की अगुआई करते हुए वापसी की लय जारी रखना चाहेगी।
फिटनेस हासिल करने के बाद दुनिया की पूर्व नंबर एक जोड़ी पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थी और अब उनकी कोशिश इस टूर्नामेंट में और आगे तक पहुंचने की होगी ताकि वे 2023 में जीती गई ट्रॉफी को फिर से हासिल कर सकें।
अभी सात्विक और चिराग की जोड़ी रैंकिंग में 27वें स्थान पर है लेकिन सिंगापुर के सेमीफाइनल तक पहुंचने के बाद उनके शीर्ष 20 के करीब पहुंचने की उम्मीद है।
यह भारतीय जोड़ी इंडोनेशिया आपेन में अपने अभियान की शुरूआत लियो रोली कार्नांडो और बागस मौलाना की इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ करेगी।
सात्विक स्वास्थ्य समस्याओं और चिराग पीठ की चोट के कारण पिछले कुछ सप्ताह से खेल से दूर थे। हालांकि इस स्टार जोड़ी ने पिछले हफ्ते सेमीफाइनल में पहुंचने के दौरान तकनीकी दक्षता दिखाकर मलेशिया के गोह से फेई और नूर इज्जुद्दीन की नंबर एक जोड़ी को हराकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू इस साल लगातार खराब प्रदर्शन के बाद अब इस टूर्नामेंट में आगे तक पहुंचने का लक्ष्य बनाएंगी। 29 साल की इस खिलाड़ी को फरवरी में गुवाहाटी में ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी जिसके कारण वह एशिया टीम चैंपियनशिप से बाहर हो गई थीं।
वापसी के बाद से वह थुई लिन्ह एनगुयेन, पुत्री कुसुमा वर्दानी और किम गा युन जैसी खिलाड़ियों हारकर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गई।
पिछले हफ्ते हालांकि 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की इस चैंपियन ने दूसरे दौर में चीन की तोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन यू फी से हारने से पहले अपने पूर्व प्रदर्शन की झलक दिखाई थी।
इंडोनेशिया के नए कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा के साथ सिंधू फिर से वही लय हासिल करने की कोशिश करेंगी। पहले दौर में उनका सामना जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होगा।
महिला एकल में अन्य खिलाड़ियों में अनुपमा उपाध्याय का सामना कोरिया की किम गा यून से, रक्षिता श्री रामराज का सामना थाईलैंड की बाएं हाथ की खिलाड़ी सुपानिदा काटेथोंग से जबकि मालविका बंसोड़ का सामना इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा।
पुरुष एकल में 2023 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय इंडोनेशिया के अल्वी फरहान के खिलाफ फॉर्म हासिल करना चाहेंगे।
वहीं 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन पीठ की चोट से उबर रहे हैं जिसके कारण उन्हें पिछले सप्ताह मलेशिया टूर्नामेंट से हटना पड़ा था। अल्मोड़ा का यह खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक में सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद से शीर्ष फॉर्म हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहा है।
टूर्नामेंट के शुरूआती मुकाबले में उन्हें चीन के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी शि यू की से भिड़ना है। वहीं किरण जॉर्ज पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी चोट से वापसी कर रही हैं और उनका सामना जापान की युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो की जोड़ी से होगा।
मिश्रित युगल में भारत का प्रतिनिधित्व ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो, रोहन कपूर और रुथविका गाडे शिवानी, सतीश करुणाकरण और आद्या वरियाथ तथा असिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश की चार जोड़ियां करेंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 02, 2025 03:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

