एजेंसी न्यूज

व्हाइट हाउस के कोरोना वायरस सलाहकार परिषद में भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना शामिल

खन्ना व्हाइट हाउस के ‘ओपनिंग अप अमेरिका अगेन कांग्रेशनल ग्रुप’ में नामित एकमात्र भारतीय-अमेरिकी सांसद हैं, जिसमें रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों पार्टियों के सांसद और सीनेटर शामिल हैं।

व्हाइट हाउस के कोरोना वायरस सलाहकार परिषद में भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना शामिल

वाशिंगटन, 17 अप्रैल भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना को व्हाइट हाउस कोरोना वायरस सलाहकार परिषद में नियुक्त किया गया है।

खन्ना व्हाइट हाउस के ‘ओपनिंग अप अमेरिका अगेन कांग्रेशनल ग्रुप’ में नामित एकमात्र भारतीय-अमेरिकी सांसद हैं, जिसमें रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों पार्टियों के सांसद और सीनेटर शामिल हैं।

समूह की पहली बैठक गुरुवार को फोन कॉल के माध्यम से आयोजित की गई थी।

व्हाइट हाउस ने बैठक के विवरण की जानकारी देते हुए कहा कि बातचीत में कई विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें ‘पेचेक प्रोटेक्शन प्रोग्राम’ के लिए अतिरिक्त धन की आवश्यकता, अंतरराष्ट्रीय और घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाएं, अर्थव्यवस्था को सक्रिय करने के तरीके, चिकित्सा बिलिंग, आवश्यक और गैर-आवश्यक श्रमिकों के बीच अंतर को स्पष्ट करना, मानसिक स्वास्थ्य और छोटे व्यवसायों के लिए राहत प्रदान करने संबंधी कई मुद्दे शामिल थे।

इसके अलावा समूह ने कोविड-19 इलाज और जांच, वेंटिलेटर, फेस मास्क और अन्य पीपीई किटों की शीघ्र व्यवस्था पर भी चर्चा की।

खन्ना ने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर परिषद के सदस्य के रूप में वह मजदूर वर्ग के अमेरिकियों को राहत दिलाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2020 10:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).