विदेश की खबरें | भारतीय राजदूत ने विज्ञान संबंधी मामलों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के सलाहकार से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने विज्ञान संबंधी मामलों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के सलाहकार प्रोफेसर एरिक लैंडर से मुलाकात की और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने को लेकर उनके साथ विचार साझा किए।
वाशिंगटन, आठ जनवरी अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने विज्ञान संबंधी मामलों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के सलाहकार प्रोफेसर एरिक लैंडर से मुलाकात की और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने को लेकर उनके साथ विचार साझा किए।
संधू और लैंडर के बीच शुक्रवार को हुई बैठक में स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, पृथ्वी एवं महासागर विज्ञान, ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियों और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग समेत अहम क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद संधू ने ट्वीट किया, ‘‘हमने भारतीय और अमेरिकी नेतृत्व की प्राथमिकता वाले क्षेत्र-विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग मजबूत करने पर विचार साझा किए।’’
यह बैठक स्वास्थ्यसेवा के संदर्भ में महत्ता रखती है। गणितज्ञ और आनुवांशिकीविद् लैंडर जीनोमिक्स और मॉलिक्यूलर बायोलॉजी में भी विशेषज्ञ हैं। वह भारत में वैज्ञानिक समूहों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब कोविड-19 के टीकों एवं दवाओं के संबंध में किफायती समाधान मुहैया कराने के लिए अमेरिका और भारत सहयोग कर रहे हैं। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच अक्टूबर, 2021 में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे।
संधू विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत और अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने के लिए कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक कर रहे हैं। संधू ने लैंडर के अलावा ‘एनर्जी फॉर साइंस’ के अवर मंत्री गेराल्डिन रिचमंड से भी मुलाकात की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 08, 2022 11:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

