खेल की खबरें | सैमसन के शतक से भारत की 133 रन से जीत, श्रृंखला 3 . 0 से अपने नाम की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. संजू सैमसन के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक की मदद से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 मैच में शनिवार को 133 रन से जीत दर्ज करके श्रृंखला 3 . 0 से अपनी झोली में डाली ।
हैदराबाद, 12 अक्टूबर संजू सैमसन के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक की मदद से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 मैच में शनिवार को 133 रन से जीत दर्ज करके श्रृंखला 3 . 0 से अपनी झोली में डाली ।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करके छह विकेट पर 297 रन बनाये जो इस प्रारूप में उसका सर्वोच्च स्कोर था । बांग्लादेश की टीम जवाब में सात विकेट पर 164 रन ही बना सकी ।
भारत के लिये तेज गेंदबाज मयंक यादव ने 32 रन देकर दो और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने 30 रन देकर तीन विकेट लिये । बांग्लादेश के लिये तौहीद ह्र्दय ने 42 गेंद में 63 और लिटन दास ने 25 गेंद में 42 रन बनाये लेकिन बाकी बल्लेबाज नहीं चल सके ।
इससे पहले भारत ने टी20 क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया । भारत ने अफगानिस्तान द्वारा 2019 में देहरादून में आयरलैंड के खिलाफ बनाये गए तीन विकेट पर 278 रन के स्कोर को पीछे छोड़ा । टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड नेपाल के नाम है जिसने 314 रन बनाये थे ।
इससे पहले टी20 क्रिकेट में भारत का सर्वोच्च स्कोर पांच विकेट पर 260 रन था जो 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में बनाया था ।
भारत के लिये सैमसन ने सिर्फ 47 गेंद में 11 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 111 रन बनाये जो रोहित शर्मा (35 गेंद) के बाद किसी भारतीय का दूसरा सबसे तेज टी20 शतक है । कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंद में 75 रन बनाये जिसमें आठ चौके और पांच छक्के शामिल थे ।दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 173 रन की साझेदारी की ।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (चार) जल्दी आउट हो गए । तंजीम हसन की गेंद पर पूल शॉट खेलने के प्रयास में उन्होंने अपना विकेट गंवाया । इसके बाद सैमसन और सूर्यकुमार ने मोर्चा संभाला ।
सैमसन ने तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद को दूसरे ही ओवर में लगातार चार चौके जड़े । अगले 10 . 3 ओवर में दर्शकों को दशहरे के दिन बल्ले से आतिशबाजी देखने को मिली ।
दसवें ओवर में लेग स्पिनर रिशाद हुसैन को सैमसन ने लगातार पांच छक्के लगाये । इसके अलावा तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान को बैकफुट पर जाकर छक्का जड़ा । सैमसन ने 40 गेंद में अपना अर्धशतक आफ स्पिनर मेहदी हसन को चौका लगाकर पूरा किया ।
सूर्यकुमार ने तंजीम को तीन चौके और एक छक्का लगाकर 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया । सैमसन को मुस्ताफिजूर ने बाउंसर पर आउट किया जबकि सूर्यकुमार को महमूदुल्लाह ने आखिरी टी20 शिकार बनाया ।
आखिर में हार्दिक पंड्या ने 18 गेंद में 47 और रियान पराग ने 13 गेंद में 34 रन बनाये । दोनों ने चौथे विकेट के लिये 70 रन जोड़कर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2024 11:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

