विदेश की खबरें | भारत-अमेरिका संबंध दोनों देशों की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति से निर्देशित हैं : अमेरिकी सांसद
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन, सात जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाशिंगटन यात्रा से पहले अमेरिका के एक प्रभावशाली सांसद ने मंगलवार को कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध रणनीतिक और वैश्विक हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि यह साझेदारी दोनों पक्षों की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति से निर्देशित है।

जॉर्जिया के तीसरे कांग्रेस (संसदीय) जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले ड्रियू फर्ग्यूसन ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी दुनियाभर में, विशेष रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है।

फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत के संबंध रणनीतिक और वैश्विक हैं। ये संबंध मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति से निर्देशित हैं। ये लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के प्रति सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आपके प्रभावशाली नेतृत्व के लिए आपका आभार और मैं आशा करता हूं कि आपकी यात्रा सार्थक होगी।’’

वहीं, भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने मंगलवार को कहा कि दोनों देश अपने-अपने मामलों में समान चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन इनसे निपटने के लिए उनके पास मिलकर काम करने का बेहतर अवसर है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका संबंध कई स्तरों पर बहुत महत्वपूर्ण हैं। हम दो लोकतंत्र हैं। हमारे संविधान ‘‘हम लोग’’ से शुरू होते हैं। ऐतिहासिक रूप से हमारे मूल्य समान हैं और हमारे सामने समान चुनौतियां हैं।’’

जयपाल ने वाशिंगटन में भारतीय-अमेरिकी इंपैक्ट समिट से इतर ‘पीटीआई-’ से बातचीत में कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि भारत को दुनिया में अविश्वसनीय रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)