देश की खबरें | भारत ने एक दिन में कोविड-19 टीके की सबसे अधिक खुराक लगाने का रिकॉर्ड बनाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने 16 अगस्त को कोविड-19 टीके की सर्वाधिक 88.13 लाख से अधिक खुराक लगाई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 17 अगस्त भारत ने 16 अगस्त को कोविड-19 टीके की सर्वाधिक 88.13 लाख से अधिक खुराक लगाई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘भारत ने एक दिन में सबसे अधिक कोविड-19 टीके की खुराक लगाने का रिकॉर्ड बनाया है। कल (बीता हुआ) इतिहास में दुनिया के सबसे बड़े टीका अभियान के तौर पर दर्ज होगा। बधाई।’’

मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार की सुबह तक मिली अंतरिम रिपोर्ट के मुताबिक भारत में कुल 62,12,108 टीकाकरण सत्र में अबतक कोविड-19 टीके की 55,47,30,609 खुराक दी गई है।

मंत्रालय ने बताया कि 88.13 लाख खुराक के साथ अबतक देश में 55.47 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है। इसके साथ ही कुल 45 प्रतिशत भारतीय वयस्कों को टीके की कम से कम एक खुराक और 13 प्रतिशत भारतीय वयस्कों को दोनों खुराक दी जा चुकी है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री ने सात जून 2021 को टीकाकरण के मौजूदा चरण की घोषणा करते हुए सभी नागरिकों को स्वयं का टीकाकरण कराने और अन्य अर्हता रखने वालों को भी कोविड-19 टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया था। आज की सफलता कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत के लोगों की सरकार पर विश्वास को प्रदर्शित करती है।’’

बयान में कहा गया है कि टीके की अधिक उपलब्धता के साथ टीकाकरण को गति दी जा रही है, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 15 दिन पहले ही टीके की उपब्लधता संबंधी जानकारी दी जा रही है आपूर्ति श्रृंखला को और सुचारु बनाया जा रहा है ताकि वे बेहतर योजना बना सके।

मंत्रालय ने बताया कि अबतक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सभी स्रोतों से कोविड-19 टीके की 56.81 करोड़ खुराक मुहैया कराई गई है और 1,09,32,960 खुराकों की आपूर्ति प्रक्रियागत है।

मंत्रालय के मुताबिक इस वक्त राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास 2.25 करोड़ टीके की खुराक मौजूद है। गौरतलब है कि भारत में वयस्कों के लिए सार्वभौमिक कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत 21 जून को की गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\