देश की खबरें | भारत, पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर ‘फ्लैग मीटिंग’ की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान ने सीमा पार से गोलीबारी और आईईडी हमले की हाल की कई घटनाओं के बाद तनाव कम करने के प्रयास के तहत शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर ‘फ्लैग मीटिंग’ की।

नयी दिल्ली, 21 फरवरी भारत और पाकिस्तान ने सीमा पार से गोलीबारी और आईईडी हमले की हाल की कई घटनाओं के बाद तनाव कम करने के प्रयास के तहत शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर ‘फ्लैग मीटिंग’ की।

सूत्रों ने बताया कि ब्रिगेड कमांडर स्तर की ‘फ्लैग मीटिंग’ ‘चक्कन-दा-बाग क्रॉसिंग प्वाइंट’ क्षेत्र में हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि 75 मिनट तक चली बैठक पूर्वाह्न करीब 11 बजे शुरू हुई।

सूत्रों ने बताया कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्ष सीमा पर शांति के व्यापक हित में संघर्ष विराम समझौते का सम्मान करने पर सहमत हुए।

भारत और पाकिस्तान द्वारा 25 फरवरी, 2021 को संघर्ष विराम समझौते का नवीनीकरण करने के बाद से जम्मू कश्मीर की सीमाओं पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं कम हुई हैं।

जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर में 11 फरवरी को संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) हमले में एक कैप्टन समेत दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए थे।

राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर सीमा पार से गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में दो सैन्यकर्मी घायल भी हुए थे, जबकि पिछले सप्ताह एक बारूदी सुरंग विस्फोट में एक और सैन्यकर्मी घायल हो गया था।

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की ओर हुए नुकसान का तत्काल पता नहीं चल पाया है लेकिन अधिकारियों का कहना है कि दुश्मन सेना को भी ‘‘भारी नुकसान’’ हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\