देश की खबरें | भारत, पाक ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई : सरकारी सूत्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति सीधी बातचीत के जरिये बनी है। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 10 मई भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति सीधी बातचीत के जरिये बनी है। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के हवाले से यह स्पष्टीकरण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका की मध्यस्थता में हुई वार्ता के बाद भारत और पाकिस्तान “पूर्ण और तत्काल” संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं।

एक सूत्र ने बताया, “भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला दोनों देशों के बीच सीधी बातचीत के बाद लिया गया।”

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक ने आज अपराह्न तीन बजकर 35 मिनट पर फोन पर भारतीय डीजीएमओ से बातचीत की, जिसके बाद सहमति बनी।

उन्होंने कहा कि किसी अन्य स्थान पर किसी अन्य मुद्दे पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने के वास्ते इससे संबंधित सहमति को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ इस बात पर सहमत हुए कि दोनों पक्ष शाम पांच बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\