एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | एंडरसन के सामने भारत 364 पर आउट, इंग्लैंड की सजग शुरुआत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के पांच विकेट की मदद से इंग्लैंड ने शुक्रवार को यहां भारत को पहली पारी में 364 रन पर रोककर पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में सजग शुरुआत करते हुए चाय के विश्राम तक बिना किसी नुकसान के 23 रन बनाये।

खेल की खबरें | एंडरसन के सामने भारत 364 पर आउट, इंग्लैंड की सजग शुरुआत

लंदन, 13 अगस्त अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के पांच विकेट की मदद से इंग्लैंड ने शुक्रवार को यहां भारत को पहली पारी में 364 रन पर रोककर पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में सजग शुरुआत करते हुए चाय के विश्राम तक बिना किसी नुकसान के 23 रन बनाये।

भारत ने अपने आखिरी आठ विकेट 97 रन के अंदर गंवाये। कप्तान विराट कोहली पहले दिन के आखिरी क्षणों में आउट हुए थे जबकि दूसरे दिन भारत ने सात गेंद के अंदर दोनों अविजित बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिये थे। भारत रविंद्र जडेजा (120 गेंदों पर 40) और ऋषभ पंत (58 गेंदों पर 37) के बीच छठे विकेट के लिये 49 रन की साझेदारी से 350 रन के पार पहुंचा।

भारत चार विशुद्ध गेंदबाजों के साथ खेलने के लिये उतरा था। निचले क्रम में कमजोर बल्लेबाजी मैदान पर भी नजर आयी और इन चार में से केवल एक गेंदबाज ही खाता खोल पाया।

इंग्लैंड के गेंदबाजों में एंडरसन ने फिर से अपना कमाल दिखाया तथा 62 रन देकर पांच विकेट लिये। यह 31वां अवसर है जबकि उन्होंने पारी में पांच या इससे अधिक विकेट हासिल किये। उनके अलावा ओली रॉबिन्सन (73 रन देकर दो), मार्क वुड (91 रन देकर दो) और स्पिनर मोईन अली (53 रन देकर एक) ने विकेट लिये।

भारतीय पारी का आकर्षण सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का शतक रहा। उन्होंने 250 गेंदों पर 129 रन बनाये जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल है। उनके अलावा रोहित शर्मा (83), कोहली (42), जडेजा और पंत ही दोहरे अंक में पहुंचे।

रोरी बर्न्स (नाबाद 11) और डॉम सिब्ली (नाबाद 11) पर इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत देने का दबाव था। इन दोनों ने चाय के विश्राम से पहले 14 ओवरों में किसी तरह को जोखिम नहीं लिया। भारतीय गेंदबाजों ने कुछ स्विंग और सीम हासिल की लेकिन बर्न्स और सिब्ली ने बल्लेबाजी के लिये अनुकूल दिख रही परिस्थितियों में उनका अच्छी तरह से सामना किया। भारत अभी इंग्लैंड से 341 रन आगे है।

भारत ने सुबह तीन विकेट पर 276 रन से आगे खेलना शुरू लेकिन उसकी दिन की शुरुआत निराशाजनक रही। राहुल अपने कल के स्कोर में दो रन जोड़कर रॉबिन्सन की दिन की दूसरी गेंद पर कवर पर आसान कैच दे बैठे जबकि एंडरसन ने अगले ओवर में पहली गेंद पर अजिंक्य रहाणे (एक) को स्लिप में कैच कराया। इस तरह से कोहली, चेतेश्वर पुजारा और रहाणे की खराब फॉर्म जारी रही।

पंत ने रॉबिन्सन और एंडरसन दोनों पर चौके लगाकर उनका हौव्वा कम करने की कोशिश की। वुड पर मिडऑफ और कवर के बीच से लगाया गया चौका उनकी ताकत और बेफिक्र अंदाज का अच्छा नमूना था।

लेकिन यही बेपरवाही पंत को भारी पड़ी और वुड की गेंद पर बेहद ढीला शॉट खेलकर उन्होंने विकेटकीपर जोस बटलर को कैच का अभ्यास कराया। पंत ने अपनी पारी में पांच चौके लगाये। जडेजा ने एक छोर से रन जुटाने की कोशिश की लेकिन केवल इशांत शर्मा (29 गेंदों पर आठ रन) ही उनका कुछ देर तक साथ दे पाये। एंडरसन ने आकर भारतीय पुछल्ले बल्लेबाजों को समेटा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 13, 2021 08:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).