देश की खबरें | भारत ने ताइवान में ट्रेन दुर्घटना पर शोक प्रकट किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने ताइवान में ट्रेन दुर्घटना में 50 लोगों की मृत्यु पर शनिवार को शोक प्रकट किया। ताइवान में शुक्रवार को पिछले कुछ दशकों में सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटना हुई।
नयी दिल्ली, तीन अप्रैल भारत ने ताइवान में ट्रेन दुर्घटना में 50 लोगों की मृत्यु पर शनिवार को शोक प्रकट किया। ताइवान में शुक्रवार को पिछले कुछ दशकों में सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटना हुई।
भारत ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ताइवान में रेल दुर्घटना में कई लोगों की जान जाने पर हमें काफी दुख पहुंचा है। परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना है।’’
खबरों के मुताबिक एक एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार को ताइवान की राजधानी ताइपे से ताईतुग शहर जा रही थी और एक सुरंग के बाहर यह दुर्घटना हुई।
दुर्घटना में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गयी और 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
विदेश मंत्रालय के संदेश पर ताइवान के विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘संवेदना जताने और समर्थन के लिए शुक्रिया।’’
ताइवान के विदेश मंत्रालय ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘संवेदना जताने और समर्थन व्यक्त करने के लिए भारत के विदेश मंत्रालय का शुक्रिया। भारत का उदार, दोस्ताना व्यवहार ताइवान के लोगों के दिल को छू लेगा और भारत के साथ निकटता और बढ़ेगी।’’
भारत का ताइवान के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं है लेकिन दोनों तरफ से कारोबारी और लोगों के बीच आपसी संपर्क है। चीन ताइवान पर अपना क्षेत्र होने का दावा करता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)