खेल की खबरें | भारत पुरुष टीम थामस कप के क्वार्टर फाइनल में, महिलायें उबेर कप के अंतिम ग्रुप मैच में हारीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने ताहिती को 5-0 से करारी शिकस्त देकर 2010 के बाद पहली बार थामस कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया लेकिन महिला टीम को उबेर कप में अपने अंतिम ग्रुप मैच में मजबूत थाईलैंड से 0-5 से करारी हार मिली।
आरहस (डेनमार्क), 13 अक्टूबर भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने ताहिती को 5-0 से करारी शिकस्त देकर 2010 के बाद पहली बार थामस कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया लेकिन महिला टीम को उबेर कप में अपने अंतिम ग्रुप मैच में मजबूत थाईलैंड से 0-5 से करारी हार मिली।
भारतीय महिला टीम की यह पहली हार थी, उसने स्पेन को 3-2 और स्कॉटलैंड को 4-1 से हराया था। टीम पहले ही उबेर कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी थी।
भारतीय पुरुष टीम ने मंगलवार को दूसरे मुकाबले में 5-0 से लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले उसने रविवार को नीदरलैंड को इसी अंतर से हराया था।
ताहिती पर जीत से भारतीय पुरुष टीम का ग्रुप सी में शीर्ष दो में स्थान पक्का हो गया। उसका अगला मुकाबला चीन से होगा। टीम ने इससे पहले 2010 में थामस कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी थी जहां उसे इंडोनेशिया से हार का सामना करना पड़ा था।
उबेर कप में भारतीय महिला टीम को ग्रुप बी के अंतिम मैच में थाईलैंड से हार मिली।
मालविका बंसोद को पोर्णापावी चूचोवोंग से शुरूआती महिला एकल में 15-21 11-21 से हार मिली।
भारत को अगले युगल मैच में जीत दर्ज करने की जरूरत थी लेकिन अश्विनी पोनप्पा और सिक्की एन रेड्डी की जोड़ी जोंगकोलफान किटिथाराकुल और राविंडा प्राजोंगजाई की जोड़ी से 16-21 12-21 से पराजित हो गयी।
भारत को इस मैच में बने रहने के लिये अदिति भट्ट के अगले एकल मैच में जीत की दरकार थी, जिसमें उन्होंने पूरी कोशिश की लेकिन वह 59 मिनट चले मैच में बुसानन ओंगबाम्रूंगफान से 16-21 21-18 15-21 से हार गयीं।
त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने फिर पुटिटा सुपाजिराकुल और सपसिरी ताएरातनचाई को चुनौती दी, पर इसे 17-21 16-21 से गंवा बैठीं।
तसनीम मीर ने भारत को वाइवाश से बचने के लिये कोर्ट में उतरी लेकिन सुपानिंदा काटेथोंग से 19-21 15-21 से हार गयीं।
मंगलवार को बी साई प्रणीत ने शुरूआती एकल में लुइस ब्यूबोइस पर केवल 23 मिनट में 21-5, 21-6 से जीत दर्ज की। इसके बाद समीर वर्मा ने रेमी रॉसी 21-12, 21-12 से हराकर टीम को 2-0 की बढ़त दिलायी। यह मैच 41 मिनट तक चला।
किरण जॉर्ज ने तीसरे पुरुष एकल में इलायस मौब्लांक को केवल 15 मिनट में 21-4 21-2 से करारी शिकस्त देकर भारत को अजेय बढ़त दिलायी।
युगल मुकाबलों में कृष्ण प्रसाद और विष्णु वर्धन की जोड़ी ने 21 मिनट में 21-8, 21-7 से जीत हासिल की जबकि दिन के अंतिम मैच में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने मौब्लांक और हीवा यवोनेट को 21-5, 21-3 से हराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 13, 2021 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

