एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारत, जापान शुक्रवार से दो सप्ताह के सैन्य अभ्यास की शुरुआत करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और जापान की सेनाएं शुक्रवार से दो सप्ताह का सैन्य अभ्यास शुरू करेंगी। जापान के शिगा प्रांत में संयुक्त अभ्यास से दोनों सेनाओं को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने, अपने व्यापक अनुभव साझा करने और परिस्थितिजन्य जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

देश की खबरें | भारत, जापान शुक्रवार से दो सप्ताह के सैन्य अभ्यास की शुरुआत करेंगे

नयी दिल्ली, 16 फरवरी भारत और जापान की सेनाएं शुक्रवार से दो सप्ताह का सैन्य अभ्यास शुरू करेंगी। जापान के शिगा प्रांत में संयुक्त अभ्यास से दोनों सेनाओं को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने, अपने व्यापक अनुभव साझा करने और परिस्थितिजन्य जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

भारतीय सेना के अधिकारियों ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात की पृष्ठभूमि में दोनों देशों के सामने आने वाली सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में ‘धर्म गार्जियन’ अभ्यास महत्वपूर्ण है। संयुक्त सैन्य अभ्यास का चौथा संस्करण 17 फरवरी से दो मार्च तक जापान में शिगा प्रांत के कैंप इमाजू में आयोजित किया जा रहा है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इस अभ्यास के संस्करण में जंगल और अर्द्ध शहरी/शहरी इलाकों में सैन्य गतिविधियों के लिए प्लाटून स्तर का संयुक्त प्रशिक्षण भी शामिल है।’’

भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के सैनिक और जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेजीएसडीएफ) में मिडिल आर्मी की एक इन्फैंट्री रेजिमेंट इस वर्ष अभ्यास में भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण अभ्यास में शामिल होने के लिए भारतीय सेना की टुकड़ी 12 फरवरी को अभ्यास स्थल पर पहुंची।

सेना ने कहा, ‘‘संयुक्त अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता, सामंजस्य, सौहार्द और मित्रता का भाव विकसित करने के अलावा संयुक्त राष्ट्र शासनादेश के तहत सामरिक संचालन करने की रणनीति, तकनीक एवं प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को साझा करने में दोनों सेनाओं को सक्षम करेगा।’’

सेना ने कहा कि यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से उच्च स्तर की शारीरिक फिटनेस और सामरिक स्तर पर अभ्यास की गतिविधियों को आदान-प्रदान करने पर केंद्रित है। अभ्यास के दौरान, दोनों देशों के सैन्य कर्मी संयुक्त योजना बनाने, संयुक्त सामरिक अभ्यास, एकीकृत निगरानी ग्रिड स्थापित करने की मूल बातों को साझा करने तथा हवाई संपत्तियों की नियुक्ति सहित विभिन्न मिशन में शामिल होंगे।

सेना ने कहा, ‘‘संयुक्त अभ्यास से दोनों सेनाओं को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने, अपने व्यापक अनुभव साझा करने और परिस्थितिजन्य जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’ सेना ने कहा कि ‘‘धर्म गार्जियन’’ अभ्यास भारतीय सेना तथा ‘जापानी ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्सेज’ के बीच रक्षा सहयोग के स्तर को और बढ़ाएगा। इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे और बढ़ावा मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 16, 2023 08:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).