देश की खबरें | भारत ने जलवायु परिवर्तन से लड़ने की राह दिखाई: प्रधानमंत्री मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत ने जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए दुनिया को रास्ता दिखाया है।

नयी दिल्ली, 15 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत ने जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए दुनिया को रास्ता दिखाया है।

भारत ने ‘लाइफ मिशन’ यानी पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली का अभियान शुरू किया है जिसका उद्देश्य संसाधनों की अंधाधुंध खपत को रोकना है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए), आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन (सीडीआरआई) और अंतरराष्ट्रीय बिग कैट गठबंधन जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन का सामना कर रही है और इसके दुष्प्रभावों से जूझ रही है। भारत ने इसका मुकाबला करने का रास्ता दिखाया है।’’

आईएसए का उद्देश्य सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और पारस्परिक लाभ के लिए सौर समृद्ध देशों के बीच सहयोग की सुविधा प्रदान करना है। इसे नवंबर 2015 में पेरिस में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी-21) में प्रधानमंत्री मोदी और तत्कालीन फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद द्वारा शुरु किया गया था।

सीडीआरआई एक अंतरराष्ट्रीय पहल है जिसका उद्देश्य प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं का सामना करने के लिए बुनियादी ढांचा प्रणालियों के लचीलेपन को बढ़ावा देना है।

यह विभिन्न प्रकार की आपदाओं का सामना करने और उनसे उबरने के उद्देश्य से परिवहन, ऊर्जा, पानी और संचार नेटवर्क जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के लचीलेपन को बढ़ाने के लिए रणनीतियों, नीतियों और प्रौद्योगिकियों को विकसित करने पर सहयोग करने के वास्ते सरकारों, संगठनों और विशेषज्ञों को एक साथ लाता है।

इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस का उद्देश्य दुनिया भर में बड़ी बिल्ली की सात प्रमुख प्रजातियों- बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, प्यूमा, जगुआर और चीता की रक्षा और संरक्षण करना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\