एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कोविड टीके की खुराक लेने वाले लोगों की संख्या के लिहाज से भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 रोधी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके लोगों की संख्या के लिहाज से भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि आने वाले दिनों में टीकाकरण अभियान में और तेजी लायी जाएगी।

देश की खबरें | कोविड टीके की खुराक लेने वाले लोगों की संख्या के लिहाज से भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ा
सीआईसीएसई 12वीं की बोर्ड

नयी दिल्ली, चार जून केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 रोधी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके लोगों की संख्या के लिहाज से भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि आने वाले दिनों में टीकाकरण अभियान में और तेजी लायी जाएगी।

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी के पॉल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक 60 वर्ष से अधिक आयु की करीब 43 प्रतिशत आबादी और 45 साल से ज्यादा उम्र की 37 फीसदी आबादी को कोविड-19 रोधी टीके लगाए जा चुके हैं।

ताजा आंकड़ों के अनुसार भारत में कोविड टीके की कम से कम एक खुराक लेने वाले लोगों की संख्या 17.2 करोड़ हो गयी है, जबकि अमेरिका में यह संख्या 16.9 करोड़ है।

पॉल ने कहा , ‘‘हमने कोविड टीके की कम से कम एक खुराक लेने वाले लोगों की संख्या के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। यह आश्वस्त करता है कि हम टीका अभियान में लगातार सुधार कर रहे हैं और इसे तेज कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इसे और भी तेज किया जाएगा।’’

पॉल ने कहा कि दूसरी लहर वैश्विक आंकड़ों के संदर्भ में घट रही है और यह उल्लेखनीय है कि भारत में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर कोविड ​​​​के मामले 20,519 हैं, जबकि विश्व औसत अब भी 22,181 से ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि यदि कोविड-19 की रोकथाम के उपायों, कोविड उपयुक्त व्यवहार या टीकाकरण में ढिलाई बरती गई तो मामले एक बार फिर बढ़ सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कोविड के नए मामलों में रोजाना गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि सात मई को संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आने के बाद से नए मामलों में करीब 68 प्रतिशत की कमी आयी है।

उन्होंने कहा कि दस मई को कोविड-19 के उपचाराधीन रोगियों की संख्या चरम पर पहुंचने के बाद से अब तक इनकी तादाद में 21 लाख से अधिक की कमी दर्ज की गयी है।

सरकार ने कहा कि फिलहाल देश के 377 जिलों में कोविड-19 की संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम है। सात मई को समाप्त हुए सप्ताह में ऐसे जिलों की संख्या 92 थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2021 10:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).