एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पांच नवंबर को ही भारत ने अपना पहला मंगलयान रवाना किया था

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के अंतरिक्ष विज्ञान इतिहास में पांच नवंबर का दिन एक खास उपलब्धि के साथ दर्ज है। भारत ने पांच नवंबर, 2013 को अपना पहला मंगलयान सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में रवाना किया था।

देश की खबरें | पांच नवंबर को ही भारत ने अपना पहला मंगलयान रवाना किया था

नयी दिल्ली, पांच नवंबर देश के अंतरिक्ष विज्ञान इतिहास में पांच नवंबर का दिन एक खास उपलब्धि के साथ दर्ज है। भारत ने पांच नवंबर, 2013 को अपना पहला मंगलयान सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में रवाना किया था।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से अपने पीएसएलवी के माध्यम से इसे प्रक्षेपित किया और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने एक नया अध्याय लिख दिया।

इसके साथ ही भारत मंगल की कक्षा में पहुंचने वाला पहला एशियाई देश और पहले प्रयास में ही वहां पहुंचने वाला दुनिया का भी पहला देश बना। सबसे कम लागत में तैयार यह अंतरिक्ष यान 24 सितंबर 2014 को मंगल की कक्षा में पहुंचा। भारत से पहले अमेरिका, रूस और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ने लाल ग्रह की कक्षा में प्रवेश करने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

देश दुनिया के इतिहास में पांच नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1556 : पानीपत की दूसरी लड़ाई में बैरम खान की हार के बाद भारत में मुगल ताकत बहाल।

1914 : फ्रांस और ब्रिटेन ने तुर्किये के खिलाफ युद्ध छेड़ा।

1930 : सामाजिक आलोचक सिंक्लेयर लुइस ने साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार जीता। वह यह सम्मान हासिल करने वाले पहले अमेरिकी बने।

1940 : फ्रेंकलिन डी रूजवेल्ट अभूतपूर्व रूप से तीसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए।

1956 : मिस्र और इजराइल की सेनाओं के बीच स्वेज नहर के आसपास संघर्ष के दौरान ब्रिटेन और फ्रांस की सेनाएं मिस्र पहुंचीं।

1994 : जार्ज फोरमैन ने माइकल मूर को हराकर 45 वर्ष की आयु में विश्व हेवीवेट चैंपियन का खिताब जीता।

2006 : सद्दाम हुसैन को मानवता के खिलाफ अपराधों पर मौत की सजा सुनाई गई।

2013 : भारत ने पहले मंगल अभियान की शुरूआत की। पहले ही प्रयास में देश का मंगलयान अपने मिशन में सफल हुआ।

2021 : जर्मनी में कोविड-19 के रिकॉर्ड 37,120 नये मामले, 154 मरीजों की मौत। इसी दिन संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों ने माली की सीमा के पास नाइजर के अशांत क्षेत्र में 69 लोगों को मौत के घाट उतारा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2024 01:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).