काठमांडू, 16 जुलाई भारत ने नेपाल में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे विभिन्न संगठनों को रविवार को 84 वाहन भेंट किए। नेपाल में स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।
भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री अशोक कुमार राय की उपस्थिति में 34 एंबुलेंस और 50 स्कूल बसों की चाबियां प्रतिनिधि संगठनों को सौंपीं।
राजदूत श्रीवास्तव ने कहा, "स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के नेपाल सरकार के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए नेपाल-भारत विकास साझेदारी कार्यक्रम के तहत वाहन भेंट करना भारत सरकार की लंबे समय से चली आ रही परंपराओं में शुमार है।"
शिक्षा मंत्री राय ने नेपाल में भारत सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस सहायता से लोगों से लोगों के बीच संपर्क और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने नेपाल में पहाड़ से लेकर तराई क्षेत्रों तक स्कूलों और स्वास्थ्य सुविधाओं में भारत सरकार के समर्थन की सराहना की।
भारत ने 1994 से लेकर अब तक पूरे नेपाल में विभिन्न स्वास्थ्य व शैक्षिक संगठनों को 974 एंबुलेंस और 234 स्कूल बसें भेंट कर चुका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY