खेल की खबरें | गिल के शतक से भारत ने इंग्लैंड को 357 रन का लक्ष्य दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के शतक और श्रेयस अय्यर (78) तथा विराट कोहली (52) के अर्धशतक से भारत ने बुधवार को यहां तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बल्लेबाजी की अनुकूल परिस्थितियों में इंग्लैंड के खिलाफ सभी विकेट खोकर 356 रन बनाए।
अहमदाबाद, 12 फरवरी सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के शतक और श्रेयस अय्यर (78) तथा विराट कोहली (52) के अर्धशतक से भारत ने बुधवार को यहां तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बल्लेबाजी की अनुकूल परिस्थितियों में इंग्लैंड के खिलाफ सभी विकेट खोकर 356 रन बनाए।
गिल ने अपने सातवें शतक के दौरान 104 गेंद में तीन छक्कों और 14 चौकों की मदद से 112 रन की पारी खेली। इस पारी की बदौलत इस प्रारूप में उनका औसत 60 के पार चला गया। उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 116 और अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की।
यह चैंपियन्स ट्रॉफी से पहले दोनों टीम का आखिरी मुकाबला है।
इंग्लैंड की तरफ से लेग स्पिनर आदिल राशिद सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 64 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि तेज गेंदबाज मार्क वुड ने 45 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
भारतीय उप कप्तान गिल ने इसके साथ ही एक ही मैदान पर तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में शतक लगाने का अनोखा कारनामा भी किया। उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल में भी शतक लगाया है।
गिल ने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को नसीहत दी। उन्होंने अपनी पारी के दौरान कई आकर्षक शॉट खेले और क्रीज पर शुरुआत में ही बेहतरीन फुटवर्क दिखाया।
पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने लय हासिल करने में समय किया लेकिन लय में आने के बाद कुछ शानदार शॉट खेले। कोहली ने मार्क वुड की ओवरपिच गेंद को कवर्स में खेलकर अपना पहला चौका जड़ा और फिर तेज गेंदबाज साकिब महमूद पर भी दो चौके मारे।
कोहली ने लियाम लिविंगस्टोन पर छक्के और एक रन के साथ 50 गेंद में अपना 73वां अर्धशतक पूरा किया। उन्हें हालांकि राशिद के खिलाफ जूझते देखा गया।
राशिद की गेंद पर 38 रन के स्कोर पर कोहली भाग्यशाली रहे जब पगबाधा की विश्वसनीय अपील पर डीआरएस लेने पर रीप्ले में दिखा कि गेंद मामूली रूप से लेग साइड से बाहर पिच हुई थी।
कोहली हालांकि अर्धशतक पूरा करने के तुरंद बाद राशिद की तेजी से स्पिन होती गेंद पर विकेटकीपर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे। उन्होंने 55 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का जड़ा। राशिद ने कोहली को एकदिवसीय मुकाबलों में पांचवीं बार आउट किया।
कोहली इसके साथ ही 14 हजार एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन पूरा करने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बनने से 37 रन पीछे रह गए। उनके चैंपियन्स ट्रॉफी के दौरान यह उपलब्धि हासिल करने की उम्मीद है।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करऩे उतरे भारत की शुरुआत खराब रही जब कप्तान और पिछले मैच के शतकवीर रोहित शर्मा (01) दूसरे ही ओवर में वुड की गेंद पर सॉल्ट को कैच दे बैठे।
अय्यर एक बार फिर शानदार लय में नजर आए और उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए लेकिन राशिद की लेग साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में सॉल्ट के हाथों लपके गए। उन्होंने 64 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके और दो छक्के मारे।
इससे पहले गिल ने वुड पर चौके के साथ 95 गेंद में शतक पूरा किया। वह हालांकि इसके बाद राशिद की गेंद पर बोल्ड हो गए।
हार्दिक पंड्या (17) ने राशिद पर दो छक्के जड़े लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। लोकेश राहुल ने अंत में 29 गेंद में 40 रन की पारी खेली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 12, 2025 06:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

