
भोपाल, 10 जून मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को इस आरोप को खारिज कर दिया कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ जारी ‘संघर्ष’ को विराम देने में जल्दबाजी की।
उन्होंने कहा कि इससे इतर, भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए प्रौद्योगिकी के युद्ध के नए दौर में दुनिया में अपनी ‘धाक’ बढ़ाई है।
मुख्यमंत्री यादव ने राजधानी भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में पत्रकारों के सवालों के जवाब में यह बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की 11वीं वर्षगांठ पूरा होने के एक दिन बाद यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
यादव ने कहा कि अमेरिका और इजराइल के बाद भारत दुनिया का तीसरा ऐसा देश है, जिसने दुश्मनों के घर में घुसकर आतंकवादियों को मारा और हिसाब चुकता किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने नौ जून, 2024 को तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली थी। मोदी सरकार ने सोमवार को अपने तीसरे कार्यकाल की पहली और कुल मिलाकर 11वीं वर्षगांठ मनाई।
यादव ने कहा, ‘‘नए दौर में प्रौद्योगिकी से ही युद्ध होंगे और इस प्रौद्योगिकी के युद्ध में दुनिया में सबसे बड़ी धाक इस घटना के बाद (ऑपरेशन सिंदूर) भारत की बढ़ी है। इसके लिए हमारी सेना को भी धन्यवाद, मोदी जी को भी धन्यवाद।’’
उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने सीमित समय में भारी मार करके दुश्मनों को ‘आड़ा’ कर दिया। आड़ा का अर्थ है कि पलक झपकते ही दुश्मन को ध्वस्त कर देना।
उन्होंने कहा कि तभी तो पाकिस्तान संघर्ष विराम का रास्ता चुनने के लिए मजबूर हुआ।
यादव ने कहा, ‘‘यह कम बड़ी बात नहीं है। इससे पहले दोनों बार (एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक) पाकिस्तान ने संघर्ष विराम की बात नहीं कही थी।’’
मुख्यमंत्री से सवाल पूछा गया था कि क्या भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान संघर्ष विराम में जल्दबाजी नहीं दिखा दी, जबकि परिस्थितियां अनुकूल थीं।
यादव ने कहा, ‘‘पहली बार परमाणु शक्ति संपन्न पाकिस्तान को संघर्षविराम के लिए आगे आना पड़ा। क्योंकि उसे मार पड़ी। देश के दुश्मनों के साथ निपटने का यही मोदी जी का तरीका है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ भारत के प्रधानमंत्री हर सभा में बोल रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ‘बेचारगी’ वाली हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)