देश की खबरें | श्रीलंका के साथ अपनी विकास साझेदारी जारी रखने, मजबूत करने के लिए भारत प्रतिबद्ध: राष्ट्रपति मुर्मू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि श्रीलंका के साथ अपनी विकास साझेदारी को जारी रखने और इसे मजबूत करने के लिए भारत प्रतिबद्ध है।
नयी दिल्ली, 21 जुलाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि श्रीलंका के साथ अपनी विकास साझेदारी को जारी रखने और इसे मजबूत करने के लिए भारत प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात करने आए श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की 'पड़ोस प्रथम' नीति और ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी की सुरक्षा और विकास) दृष्टि में श्रीलंका एक विशेष स्थान रखता है।
राष्ट्रपति ने कहा, "पिछले एक साल में आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए श्रीलंका को भारत की ओर से बहुआयामी समर्थन दिया जाना श्रीलंका के साथ द्विपक्षीय संबंधों के प्रति भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।"
उन्होंने कहा कि भारत जरूरत के समय में हमेशा श्रीलंका के साथ खड़ा रहा है और भविष्य में भी ऐसा करता रहेगा।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत विक्रमसिंघे के नेतृत्व में श्रीलंका के साथ अपनी विकास साझेदारी को बनाए रखने और मजबूत करने को लेकर प्रतिबद्ध है।
मुर्मू ने कहा, "हमारी साझेदारी दोनों देशों के आम लोगों और वृहद हिंद महासागर क्षेत्र के लिए स्थायी और फायदेमंद है।"
बयान में यह भी कहा गया है कि दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और श्रीलंका कई क्षेत्रों में कई प्रमुख परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं और भारत-श्रीलंका विकास साझेदारी ने श्रीलंकाई लोगों के जीवन पर सकारात्मक असर डाला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)