देश की खबरें | भारत नाइजर में स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है : विदेश मंत्रालय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह नाइजर के घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है और पश्चिम अफ्रीकी देश में रहने वाले लगभग 250 भारतीय सुरक्षित हैं।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह नाइजर के घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है और पश्चिम अफ्रीकी देश में रहने वाले लगभग 250 भारतीय सुरक्षित हैं।
पिछले सप्ताह हुए तख्तापलट के बाद नाइजर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
फ्रांस समेत कई यूरोपीय देशों ने अपने नागरिकों को नाइजर से निकालना शुरू कर दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “हम वहां के घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहे हैं। हम वहां अपने दूतावास के संपर्क में हैं।”
उन्होंने कहा, “दूतावास ने हमें सूचित किया है कि वे नाइजर में भारतीय समुदाय के साथ संपर्क में हैं।”
बागची ने कहा कि उस देश में भारतीय समुदाय में लगभग 250 लोग हैं और वे सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 10 से 15 भारतीय, जो अस्थायी रूप से नाइजर में थे, फ्रांस द्वारा संचालित निकासी उड़ानों में सवार होकर देश छोड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा, “स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।”
भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन ने कहा कि फ्रांसीसी उड़ानों ने नाइजर से भारतीय नागरिकों सहित कई अन्य देशों के नागरिकों को निकाला।
लेनैन ने ट्वीट किया, “नाइजर में सैन्य तख्तापलट के बाद, फ्रांस ने पिछले दो दिनों में कई उड़ानों के जरिये 992 लोगों को देश से निकाला है।”
उन्होंने कहा, “560 फ्रांसीसी नागरिकों के अलावा, उड़ानों से भारतीय नागरिकों सहित कई अन्य देशों के नागरिकों को निकाला गया।”
नाइजर की नई सैन्य शासित सरकार ने लीबिया, माली, चाड, अल्जीरिया और बुर्किना फासो के साथ अपनी सीमाओं को फिर से खोलने की घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)