देश की खबरें | भारत, ऑस्ट्रेलिया अगले सप्ताह ‘2 प्लस 2’ मंत्रिस्तरीय वार्ता करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स सोमवार को ‘2 प्लस 2’ मंत्रिस्तरीय वार्ता में शामिल होने के लिए भारत की यात्रा पर आयेंगे। वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किये जाने की संभावना है। मामले से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 17 नवंबर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स सोमवार को ‘2 प्लस 2’ मंत्रिस्तरीय वार्ता में शामिल होने के लिए भारत की यात्रा पर आयेंगे। वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किये जाने की संभावना है। मामले से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी।
इस तरह की जानकारी भी है कि मार्ल्स और वोंग रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच भी देख सकते हैं।
मार्ल्स ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री भी हैं।
‘टू प्लस टू’ वार्ता या वोंग और मार्ल्स की भारत की प्रस्तावित यात्रा पर हालांकि अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मामले से परिचित लोगों ने बताया कि ऐसी उम्मीद है कि दोनों पक्ष ‘टू प्लस टू’ मंत्रिस्तरीय वार्ता में समग्र रक्षा और सुरक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने पर व्यापक रूप से ध्यान केंद्रित करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय संवाद समूह) के सदस्य हैं। यह समूह एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने पर केंद्रित है। क्वाड के अन्य दो सदस्य अमेरिका और जापान हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इससे पहले ‘टू प्लस टू’ मंत्रिस्तरीय वार्ता सितंबर, 2021 में हुई थी।
भारत इस तरह के प्रारूप में अमेरिका और जापान समेत कुछ ही देशों के साथ वार्ता करता है।
भारत-अमेरिका विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता का नवीनतम संस्करण 10 नवंबर को नई दिल्ली में संपन्न हुआ था।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय रक्षा और रणनीतिक संबंध पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़े हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 17, 2023 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

