मजबूत गेंदबाजी आक्रमण की जंग होगी भारत-आस्ट्रेलिया टेस्ट श्रृंखला : जो बर्न्स
भारत को इस साल दिसंबर-जनवरी में चार टेस्ट खेलने के लिए आस्ट्रेलिया का दौरा करना है। कोरोना वायरस महामारी के कारण हालांकि इस श्रृंखला को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इस महामारी के कारण दुनिया भर में 250000 से अधिक लोगों की जान गई है।
मेलबर्न, सात मई आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज जो बर्न्स ने गुरूवार को कहा कि इस साल के अंत में भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला ‘दो मजबूत गेंदबाजी आक्रमण’ के बीच जंग होगी।
भारत को इस साल दिसंबर-जनवरी में चार टेस्ट खेलने के लिए आस्ट्रेलिया का दौरा करना है। कोरोना वायरस महामारी के कारण हालांकि इस श्रृंखला को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इस महामारी के कारण दुनिया भर में 250000 से अधिक लोगों की जान गई है।
बर्न्स ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिये संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं आस्ट्रेलिया और भारत को दो बेहतरीन मजबूत गेंदबाजी आक्रमण वाली टीमों के रूप में देखता हूं और जब दोनों टीमें आपस में भिड़ेंगी तो इसे देखना इतना रोमांचक होगा। ’’
भारतीय आक्रमण की अगुआई जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जबकि आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी की अगुआई दुनिया के नंबर एक पैट कमिंस करेंगे।
भारतीय टीम में जहां विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं तो वहीं आस्ट्रेलियाई टीम स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की वापसी से मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि दोनों टीमें नंबर एक रैंकिंग और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में अपने स्थानों के लिये खेलेंगी। ’’
आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में आस्ट्रेलिया ने भारत को पछाड़कर अपना नंबर एक स्थान हासिल कर लिया है। लेकिन आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में वह शीर्ष पर चल रहे भारत के बाद दूसरे स्थान पर काबिज है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस समय हमें ट्रेनिंग के दौरान यही चीज प्रेरित कर रही है कि हमें भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ गर्मियों में खेलना है। ’’
बर्न्स ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सलामी बल्लेबाज के तौर पर यह मेरे लिये भी काफी रोमांचक होगी। इन गर्मियों में काफी चुनौती होगी और भारतीय गेंदबाजों का सामना करने में विशेषकर टेस्ट मैच के शुरू में सुबह के समय नयी गेंद से खेलना, काफी बड़ी भूमिका निभानी होगी। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘बेशक उनकी टीम विश्व स्तरीय है। मुझे लगता है कि दोनों टीमों के बीच मुकाबले को देखना और खिलाड़ियों का एक दूसरे के खिलाफ खेलना रोमांचक होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप विश्व रैंकिंग देखिए, वे नंबर एक थे और अब हम नंबर एक हो गए हैं इसलिए मुझे पता है कि सभी को इस श्रृंखला का इंतजार है और एक खिलाड़ी के रूप में आप इस तरह की श्रृंखला में खेलना चाहते हो और अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हो।’’
कोरोना वायरस के कारण टी20 विश्व कप पर भी सवालिया निशान लग गया है जिससे क्रिकेट आस्ट्रेलिया वित्तीय संकट में है और अपने खर्चे में कमी ला रहा है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने अपने 80 प्रति कर्मचारियों को जून के अंत तक सिर्फ 20 प्रतिशत वेतन देने का फैसला किया है।
इस तरह की भी अटकलें हैं कि शेफील्ड शील्ड के 2020-21 सत्र में मैचों की संख्या कम की जा सकती है जिससे कि खर्चे कम हो।
बर्न्स ने हालांकि उम्मीद जताई कि इस शेफील्ड शील्ड से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।
इस सलामी बल्लेबाज ने कहा, ‘‘मुझे यह तथ्य पसंद है कि हमारी प्रथम श्रेणी प्रणाली काफी मजबूत है। 10 मैच जहां आप सभी के खिलाफ दो-दो बार खेलते हो। इससे विश्व स्तरीय खिलाड़ी हमारी टेस्ट टीम में आते हैं। आप नहीं चाहते कि इसमें बदलाव हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 06:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

