‘देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है इंडिया’ गठबंधन: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी अधिक है.
आइजोल, 17 अक्टूबर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मंगलवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी अधिक है. पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए चुनावी राज्य मिजोरम की यात्रा के दौरान राजधानी आइजोल में राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी गठबंधन अपने मूल्यों, संवैधानिक ढांचे और धर्म या संस्कृति से परे लोगों की खुद को अभिव्यक्त करने और सद्भाव से रहने की स्वतंत्रता को संरक्षित कर ‘‘भारत की अवधारणा’’ की रक्षा करेगा.
भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, ‘‘हमारे देश के लिए उनका दृष्टिकोण हमसे अलग है. आरएसएस का मानना है कि भारत को एक ही विचारधारा और संगठन द्वारा शासित किया जाना चाहिए, जिसका हम विरोध कर रहे हैं. हम विकेंद्रीकरण में विश्वास करते हैं जबकि भाजपा का मानना है कि सभी निर्णय दिल्ली में लिए जाने चाहिए.’’ यह भी पढ़ें : ईडी ने संजय भंडारी के खिलाफ धन शोधन जांच के तहत दक्षिण दिल्ली की संपत्ति कब्जे में ली
उन्होंने भाजपा पर देश के संपूर्ण संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की नींव स्थापित करने में मदद की है और इस पुरानी पार्टी का उस नींव की रक्षा करने का इतिहास रहा है. उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य भाजपा और आरएसएस के हमलों का सामना कर रहे हैं, यह आपकी धार्मिक आस्थाओं की बुनियाद के लिए खतरा है.’’ चालीस सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए सात नवंबर को मतदान होना है और तीन दिसंबर को मतगणना की जाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2023 01:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

