देश की खबरें | ‘इंडिया’ गठबंधन ने दिया सारे विकल्प खुले रखने का संकेत, ‘उचित समय पर उचित फैसला करने’ की घोषणा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) ने बुधवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के विपरीत जनाकांक्षा को साकार करने के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएगी। इस कदम को सरकार गठन की संभावना से जुड़े सारे विकल्प खुले रहने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
नयी दिल्ली, पांच जून ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) ने बुधवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के विपरीत जनाकांक्षा को साकार करने के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएगी। इस कदम को सरकार गठन की संभावना से जुड़े सारे विकल्प खुले रहने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
गठबंधन के घटक दलों की अपने आधिकारिक आवास ‘10 राजाजी मार्ग’ पर मेजबानी करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस गठबंधन में उन सभी दलों का स्वागत है, जो संविधान की प्रस्तावना में अटूट आस्था रखते हैं और इसके आर्थिक, सामाजिक तथा राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं ने सरकार गठन की संभावना और आगे की रणनीति पर करीब दो घंटे तक चर्चा की। इस बैठक के समानांतर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक भी हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राजग का नेता चुना गया।
खरगे के आवास पर हुई बैठक में इस गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के कुल 33 नेताओं ने भाग लिया।
बैठक में खरगे के अलावा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और कई अन्य नेता शामिल हुए।
इस बैठक के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की मौजूदगी में खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि आज की बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा की गई और बहुत से सुझाव आए।
उन्होंने गठबंधन की तरफ से एक बयान भी पढ़ा।
खरगे ने कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन को मिले भारी जनसमर्थन के लिए हम भारत के मतदाताओं को तहे दिल से धन्यवाद देते हैं। इस जनादेश ने भाजपा और उसकी नफरत की राजनीति, भ्रष्टाचार और लोगों को हक हकूक से वंचित करने की राजनीति को बहुत करारा जवाब दिया है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक और नैतिक पराजय है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि यह जनादेश भारतीय संविधान की रक्षा, मोदी सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और साठगांठ वाले पूंजीवाद के खिलाफ है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ ‘इंडिया’ गठबंधन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की फासीवादी सत्ता के खिलाफ जंग जारी रखेगा। हम भाजपा सरकार के विपरीत जनाकांक्षा को साकार करने के लिए सही समय पर उचित कदम उठाएंगे।’’
खरगे ने बैठक में अपने संबोधन में कहा, ‘‘मैं ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी साथियों का स्वागत करता हूं। हम एक साथ लड़े, तालमेल से लड़े और पूरी ताक़त से लड़े। आप सबको बधाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘18वीं लोकसभा चुनाव का जनमत सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ख़िलाफ़ है। चुनाव उनके नाम और चेहरे पर लड़ा गया था और जनता ने भाजपा को बहुमत न देकर उनके नेतृत्व के प्रति साफ़ संदेश दिया है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, व्यक्तिगत रूप से नरेन्द्र मोदी के लिए यह ना सिर्फ़ राजनीतिक शिकस्त है, बल्कि नैतिक हार भी है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘परंतु, हम सब उनकी आदतों से वाक़िफ़ हैं। वो इस जनमत को नकारने की हरसंभव कोशिश करेंगे।"
खरगे ने कहा, ‘‘हम यहां से यह भी संदेश देते हैं कि ‘इंडिया’ गठबंधन उन सभी राजनीतिक दलों का स्वागत करता है, जो भारत के संविधान की प्रस्तावना में अटूट विश्वास रखते है और इसके आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों को लेकर प्रतिबद्ध हैं।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)