'India' Alliance: ‘इंडिया’ गठबंधन झारखंड के लोगों की संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध; राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुक्रवार को बधाई देते हुए कहा कि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन उनकी संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है.
नयी दिल्ली, 15 नवंबर : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुक्रवार को बधाई देते हुए कहा कि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन उनकी संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है. राहुल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ भरपूर प्राकृतिक, सांस्कृतिक और खनिज संपदा से युक्त झारखंड के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड वासियों की सभ्यता और अधिकारों की रक्षा के लिए ‘इंडिया’ सदैव संकल्पित है.’’
गांधी ने साथ ही लिखा, ‘‘आदिवासी महानायक, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन. आदिवासी अस्मिता के लिए उनका संघर्ष और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए उनका बलिदान हमें सदा प्रेरित करता रहेगा.’’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी झारखंड के लोगों को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल भविष्य की कामना की. खरगे ने आदिवासी नेता बिरसा मुंडा को भी उनकी जयंती पर याद किया. खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जल-जगंल-जमीन एवं आदिवासी सभ्यता व संस्कृति की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ‘उलगुलान’ करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी, धरती आबा, भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन. वे करोड़ों भारतीयों के प्रेरणास्रोत हैं एवं रहेंगे.’’ यह भी पढ़ें : सिद्दीकी पर गोलीबारी के बाद शूटर शिवकुमार कपड़े बदल कर पुन: घटनास्थल पर आया था : पुलिस
उन्होंने कहा, ‘‘प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण झारखंड राज्य के सभी बहन-भाइयों को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई. आने वाला कल आप सभी के लिए सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल बने, हमारी यही कामना है.’’ झारखंड राज्य आधिकारिक तौर पर 2000 में मुंडा की जयंती पर अस्तित्व में आया. गांधी और खरगे ने लोगों को गुरु नानक जयंती की भी शुभकामनाएं दीं. हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक जयंती मनाई जाती है. इसे प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है. इस वर्ष गुरु नानक देव जी की 555वीं जयंती मनायी जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2024 11:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

