देश की खबरें | स्वतंत्रता दिवस: इस बार तिरंगा और सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर वाली पतंगों की धूम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दो साल से कोविड महामारी के कारण फीके रहे पतंग बाज़ार की रौनक सरकार की ‘हर घर तिरंगा’ पहल के चलते लौट आई है और बाज़ार में ‘तिरंगा पतंग’ के साथ ही हाल में कत्ल कर दिए गए पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर वाली पतंग की ज़बर्दस्त मांग है।
नयी दिल्ली, 11 अगस्त दो साल से कोविड महामारी के कारण फीके रहे पतंग बाज़ार की रौनक सरकार की ‘हर घर तिरंगा’ पहल के चलते लौट आई है और बाज़ार में ‘तिरंगा पतंग’ के साथ ही हाल में कत्ल कर दिए गए पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर वाली पतंग की ज़बर्दस्त मांग है।
देश के अलग अलग हिस्सों में स्वतंत्रता दिवस का जश्न पतंग उड़ाकर मनाने का अरसे से रिवाज रहा है। इसी के मद्देनजर हर साल 15 अगस्त से पहले पुरानी दिल्ली के लाल कुएं और उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक अगस्त से 15 दिनों के लिए पतंग बाज़ार सजता है।
मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, अलीगढ़, जयपुर समेत अन्य शहरों से आए दुकानदार 15 दिन के लिए मोटा किराया देकर इन इलाकों में पतंगों की दुकानें खोलते हैं, मगर बीते दो साल से कोविड महामारी के चलते इन बाजारों की रौनक फीकी थी और दुकानें भी कम लगी थीं।
हालांकि इस बार बाजार में पहले जैसी रौनक लौट आई है और दुकानें भी अधिक संख्या में सजी हैं। दुकानदार उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार उनकी बिक्री भी पहले जैसी ही होगी।
इस साल देश को आज़ाद हुए 75 साल पूरे हो रहे हैं। इसके मद्देनजर सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ पहल की शुरुआत की है जिसके बाद बाजार में ‘तिरंगा पतंगों’ की खासी मांग है। वहीं, मई में कत्ल कर दिए गए पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तस्वीर वाली पतंगें भी खूब बिक रही हैं ।
इसके अलावा बाजार में फिल्मों, अभिनेताओं, कार्टून आदि की तस्वीर वाली पतंगों की भी खूब मांग है। लोग स्वतंत्रता दिवस पर एक दूसरे की पतंग को काटने के लिए कपास का बेहतरीन मांझा भी खरीद रहे हैं जो 100 रुपये से लेकर 600 रुपये तक के दामों में मिल रहा है।
लाल कुएं में करीब 40 साल पुरानी पतंगों की दुकान ‘बिशनचंद एंड सन्स’ के मालिक हिमांशु ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि इस बार कोविड संबंधी पाबंदियां नहीं हैं और उम्मीद है कि व्यापार अच्छा होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)