देश की खबरें | रामपुर में हुआ देश के पहले 'अमृत सरोवर' का उद्घाटन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को रामपुर जिले में देश के पहले 'अमृत सरोवर' का उद्घाटन किया।
रामपुर (उत्तर प्रदेश), 13 मई केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को रामपुर जिले में देश के पहले 'अमृत सरोवर' का उद्घाटन किया।
नकवी ने रामपुर जिले के पटवाई इलाके में इस अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे।
नकवी ने इस मौके पर कहा कि लोगों की सहभागिता और पंचायत तथा जिला प्रशासन की मुस्तैदी की वजह से इस अमृत सरोवर को इतने कम समय में तैयार किया जा सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में भी इस सरोवर के निर्माण कार्य का जिक्र किया था।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर हर जिले में 75 अमृत सरोवर बनाने का आह्वान किया है ताकि देश में पर्यावरण तथा जल संरक्षण कार्य को मजबूती मिल सके।
नकवी ने कहा कि अमृत सरोवर से न सिर्फ पर्यावरण और जल का संरक्षण किया जा सकेगा बल्कि यह आसपास के लोगों के लिए आकर्षण का एक केंद्र भी बनेगा। उनका कहना था कि साथ ही इस सरोवर के इर्द-गिर्द फव्वारे, रोशनी तथा मनोरंजन एवं फूड कोर्ट की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी एवं लोग सरोवर में नौकायन का आनंद भी उठा सकेंगे।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राज्य के हर जिले में ऐसे 75-75 अमृत सरोवर बनाने का काम तेज गति से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह इस बात का बहुत बड़ा उदाहरण है कि किस तरह से सरकार और समाज के बीच आपसी समन्वय से बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)