देश की खबरें | पंजाब विस के दो दिवसीय सत्र में कानून-व्यवस्था का मुद्दा मजबूती से उठाएंगे : कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे सदन के दो दिवसीय विशेष सत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था और मादक पदार्थों की समस्या के मुद्दों को ‘मजबूती’ से उठाएगी। पार्टी विधायक ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, नौ जुलाई पंजाब विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे सदन के दो दिवसीय विशेष सत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था और मादक पदार्थों की समस्या के मुद्दों को ‘मजबूती’ से उठाएगी। पार्टी विधायक ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विपक्षी दल कानून-व्यवस्था, भूमि बैंक योजना, राज्य के कर्ज और मादक पदार्थ दवाओं के खतरे के मुद्दों पर भगवंत मान नीत सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।
विशेष सत्र 10 और 11 जुलाई को बुलाया गया है। संभावित कार्ययोजना के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह श्रद्धांजलि दी जाएगी, उसके बाद गैर-सरकारी कार्य होंगे। विधायी कार्य 11 जुलाई को सम्पन्न होगा जिसके बाद सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।
कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था और भूमि बैंक योजना के मुद्दों पर चर्चा के लिए सत्र को दो दिन और बढ़ाने की मांग की है।
कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने बुधवार को कहा कि मुख्य विपक्षी दल सदन में कथित तौर पर बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते राज्य कर्ज और मादक पदार्थो के खतरे का मुद्दा मजबूती से उठाएगा।
कोटली ने अपराधियों द्वारा कई लोगों को जबरन वसूली और धमकी भरे फोन कॉल करने को लेकर मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘राज्य में ध्वस्त कानून व्यवस्था के लिए कौन जिम्मेदार है? लोगों को अपराधियों से जबरन वसूली, धमकी भरे फोन आ रहे हैं, व्यापारियों की हत्या हो रही है।’’
आदमपुर विधायक ने हाल में अबोहर के व्यापारी संजय वर्मा की दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना का भी जिक्र किया और आम आदमी पार्टी (आप) शासन में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को रेखांकित किया।
विशेष सत्र के दौरान, आप सरकार द्वारा पंजाब पशु क्रूरता निवारण (पंजाब संशोधन) अधिनियम 2025 पेश किए जाने की उम्मीद है, जिससे लुधियाना के किला रायपुर में बैलगाड़ी दौड़ को फिर से शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

