देश की खबरें | राजस्थान के निकाय उपचुनाव में भाजपा ने 36 में से 28 सीट जीतीं: राठौड़

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को कहा कि नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव में भाजपा ने 36 में से 28 सीट जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है।

जयपुर, नौ जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को कहा कि नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव में भाजपा ने 36 में से 28 सीट जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्व में प्राप्त सीट से लगभग दोगुनी सीट पर जीत दर्ज करते हुए कुल 36 में से 27 सीट पर कमल खिलाया है और एक जीत भाजपा समर्थित प्रत्याशी की हुई।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार कुल 28 सीट भाजपा के खाते में आईं।

उन्होंने कहा,‘‘यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रिय नीतियों एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रतिफल है, जिसे जनता ने खुले मन से स्वीकारा है।’’

राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद की छह में से पांच सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, इसी प्रकार पंचायत समिति के 18 सीट के उपचुनाव में भाजपा ने 12 पर विजय प्राप्त की, जबकि कांग्रेस को मात्र तीन सीट पर संतोष करना पड़ा।

उनका कहना था कि शेष तीन सीट पर अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत मिली है। नगर पालिका उपचुनाव में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 12 सीट में से 10 पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया है।

राठौड़ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘ वह आए दिन अनर्गल और बेबुनियाद बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब प्रदेश की जनता ने उन्हें एक बार फिर करारा जवाब दिया है।’’

नगर निकाय चुनावों में लक्ष्मणगढ़ – जो स्वयं डोटासरा की विधानसभा सीट है – वहां कांग्रेस प्रत्याशी हार गए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा क‍ि यह जीत 'डबल इंजन सरकार’ की लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर देवतुल्य जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘भगवामय राजस्थान। नगर निकाय एवं पंचायतीराज उपचुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय पर देवतुल्य मतदाताओं का आभार, विजयी हुए समस्त प्रत्याशियों को बधाई एवं सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम हेतु अभिनंदन है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now