खेल की खबरें | हरफनमौला के तौर पर अपने सफर में अक्षर ने पाया आत्मविश्वास

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सफेद गेंद के प्रारूप में उपयोगी हरफनमौला साबित हो रहे अक्षर पटेल की इस कामयाबी का श्रेय उनके आत्मविश्वास को जाता है ।

दुबई, तीन मार्च सफेद गेंद के प्रारूप में उपयोगी हरफनमौला साबित हो रहे अक्षर पटेल की इस कामयाबी का श्रेय उनके आत्मविश्वास को जाता है ।

न्यूजीलैंड के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी के आखिरी ग्रुप मैच में भारत को 44 रन से मिली जीत में अक्षर ने 42 रन बनाने के अलावा केन विलियमसन का महत्वपूर्ण विकेट भी लिया ।

अक्षर ने मैच के बाद मिश्रित जोन में मीडिया से कहा ,‘‘ पहले मुझे इतनी कामयाबी नहीं मिल पा रही थी और यह मेरे दिमाग में था कि मैं अपनी प्रतिभा दिखा नहीं पा रहा हूं । शायद मैं खुद पर ज्यादा दबाव डाल रहा था जबकि मुझे पता था कि मुझमें प्रतिभा है ।’’

वेस्टइंडीज के खिलाफ बारबाडोस में 2022 में 35 गेंद में 64 रन की उनकी नाबाद पारी से भारत ने 312 रन का मुश्किल लक्ष्य हासिल किया ।

अक्षर ने कहा ,‘‘ उस मैच के बाद मुझे लगा कि मैं फिनिशर साबित हो सकता हूं । मुझे पता था कि मैं फिनिशर का काम कर सकता हूं लेकिन यह आत्मविश्वास मिलते ही मैने ज्यादा नहीं सोचा कि मुझे अपनी बल्लेबाजी किसी के सामने साबित करनी है या नहीं ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगा कि मैं कर सकता हूं और अगर अपना शत प्रतिशत दे सका तो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर पाऊंगा ।’’

उन्होंने यह भी कहा कि बल्लेबाजी क्रम में ऊपर पांचवें स्थान पर भेजे जाने से भी एक हरफनमौला के रूप में उनके विकास में मदद मिली है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे जब भी मौका मिला , मैने हालात के अनुरूप बल्लेबाजी करने की कोशिश की । अब रवैया बदल गया है । पहले मैं निचले क्रम पर आता था और तेजी से रन बनाने की कोशिश करता था । अब मुझे पता है कि मेरे पीछे और भी बल्लेबाज हैं तो मैं उस हिसाब से समय लेकर खेल सकता हूं ।’’

उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले स्पिनर वरूण चक्रवर्ती की तारीफ करते हुए कहा ,‘‘ वह तारीफ का हकदार है । टी20 विश्व कप (2021) उसके लिये अच्छा नहीं गया लेकिन उसके बाद उसने वापसी की । उसने टी20 का अच्छा प्रदर्शन वनडे में भी कायम रखा ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\