विदेश की खबरें | इमरान खान ने अपने मंत्रिमंडल की आपात बैठक की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार रात अपने मंत्रिमंडल की आपात बैठक की। हालांकि, स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, उनकी सरकार के नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव हारने की आशंका है।
इस्लामाबाद, नौ अप्रैल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार रात अपने मंत्रिमंडल की आपात बैठक की। हालांकि, स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, उनकी सरकार के नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव हारने की आशंका है।
सूत्रों ने बताया कि खान की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान यह फैसला किया गया कि उन्हें इस्तीफा नहीं देना चाहिए।
खान द्वारा बैठक करना आश्चर्यचकित करने वाला है क्योंकि अविश्वास प्रस्ताव से उनके बचने की बहुत कम संभावना है।
इस बीच, कथित तौर पर शीर्ष अदालतें सक्रिय हो गई हैं और यदि खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान पूरा करने के आदेश को दिन के अंत तक लागू नहीं किया जाता, तो इस्लामाबाद उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के मध्यरात्रि तक सुनवाई शुरू करने की संभावना है।
सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश उमर अता बंदियाल ने शीर्ष अदालत के संबंधित अधिकारियों को रात 12 बजे अदालत खोलने का निर्देश दिया है, क्योंकि नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर ने अभी तक प्रधानमंत्री खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की अनुमति नहीं दी है।
सूत्रों ने कहा कि इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अतहर मिनाल्लाह ने भी अधिकारियों को ऐसे ही निर्देश दिए हैं।
इस बीच, संयुक्त विपक्ष ने अध्यक्ष के पास एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान में और देरी नहीं करने का आग्रह किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)