विदेश की खबरें | इमरान खान की विशेष अदालत में पेशी; भ्रष्टाचार रोधी नियामक ने 14 दिन की रिमांड का अनुरोध किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बुधवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच राजधानी इस्लामाबाद की एक विशेष अदालत में पेश किया गया। इस दौरान, भ्रष्टाचार विरोधी नियामक ने इमरान को 14 दिन की रिमांड में भेजने का अनुरोध किया।
इस्लामाबाद, 10 मई भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बुधवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच राजधानी इस्लामाबाद की एक विशेष अदालत में पेश किया गया। इस दौरान, भ्रष्टाचार विरोधी नियामक ने इमरान को 14 दिन की रिमांड में भेजने का अनुरोध किया।
इमरान को मंगलवार को देश के अर्धसैनिक बलों ने राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) के आदेश पर उस समय गिरफ्तार कर लिया था, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिए इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में मौजूद थे।
पूर्व क्रिकेटर इमरान (70) की गिरफ्तारी के बाद उनकी पार्टी के समर्थकों ने पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किया।
इस्लामाबाद के सेक्टर एच-11/1 इलाके में स्थित पुलिस लाइन मुख्यालय परिसर के न्यू पुलिस गेस्ट हाउस को इमरान के खिलाफ दो मामलों की सुनवाई के मकसद से विशेष अदालत परिसर घोषित किया गया था।
इनमें से पहला मामला अल-कादिर ट्रस्ट से जुड़ा हुआ है, जिसके चलते पाकिस्तान के सरकारी खजाने को कथित तौर पर 50 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ। इमरान को मंगलवार को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था।
उन्हें बुधवार को न्यायमूर्ति मुहम्म्द बशीर की अध्यक्षता वाली विशेष जवाबदेही अदालत में पेश किया गया। न्यायमूर्ति बशीर वही न्यायाधीश हैं, जिन्होंने लंदन में संपत्ति के संबंध में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम को भ्रष्टाचार का दोषी करार दिया था।
हालांकि, बाद में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने मरियम को बरी कर दिया था, जबकि नवाज का मामला अभी भी विचाराधीन है, क्योंकि वह अदालत में पेश होने में नाकाम रहे हैं।
सुनवाई की शुरुआत में एनएबी के वकीलों ने अदालत से इमरान के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए उनकी 14 दिन की हिरासत देने का अनुरोध किया।
हालांकि, इमरान के वकील ने एनएबी की अर्जी का विरोध करते हुए अपने मुवक्किल को तत्काल रिहा करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि इमरान पर लगाए गए आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं।
न्यायमूर्ति बशीर ने शुरुआती सुनवाई के बाद कुछ देर का विश्राम लिया। सुनवाई के बहाल होने के बाद उनका फैसला आने की संभावना है।
इमरान को तोशाखाना मामले में भी बुधवार को जिला एवं सत्र अदालत में पेश किया जाएगा। यह मामला पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा सरकारी उपहारों की बिक्री से अर्जित आय को छिपाने के आरोपों पर आधारित है।
‘जियो न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से खबर दी कि एनएबी को सौंपी गई एक चिकित्सकीय रिपोर्ट में इमरान को पूरी तरह से स्वस्थ करार दिया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री ने उनकी जांच कर रहे चिकित्सकों से किसी तरह के दर्द या तकलीफ की शिकायत नहीं की।
बहरहाल, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को अदालत परिसर के आसपास इकट्ठा होने से रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। यहां तक कि मीडिया और पीटीआई के शीर्ष नेताओं, मसलन शाह महमूद कुरैशी और असद उमर को भी सुनवाई में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2023 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

