ताजा खबरें | न्यूजप्रिंट के आयात में 2017-18 के मुकाबले 2021-22 में गिरावट आई: सरकार

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. पिछले लगभग दो सालों में न्यूजप्रिंट (अखबारी कागज) के आयात में 2018-19 की तुलना में 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है। सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 26 जुलाई पिछले लगभग दो सालों में न्यूजप्रिंट (अखबारी कागज) के आयात में 2018-19 की तुलना में 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है। सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि समाचार-पत्र उद्योग ने 2017-18 में 13,84,056 किलोग्राम न्यूजप्रिंट का आयात किया था, जो 2020-21 में घटकर 6,48,620 किलोग्राम रह गया। इसमें करीब 46 प्रतिशत की गिरावट आई।

वाएसआई कांग्रेस पार्टी के मरगनी भरत के प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2021-22 में अखबारी कागज का आयात और भी कम होकर 5,97,766 किलोग्राम ही रह गया।

2020-21 और 2021-22 में पूरी दुनिया ने कोरोना वायरस महामारी के संकट को झेला।

सरकार के जवाब में दिये गये आंकड़ों के अनुसार समाचार-पत्र उद्योग ने 2018-19 में 12,96,300 किलोग्राम न्यूजप्रिंट का आयात किया था जो 2019-20 में मामूली रूप से बढ़कर 12,96,354 किलोग्राम हो गया था। हालांकि इसके बाद के दो सालों में इसमें काफी कमी दर्ज की गयी।

ठाकुर ने पहले कहा था कि न्यूजप्रिंट पर पहले लागू बुनियादी सीमा शुल्क की 10 प्रतिशत की दर को दो फरवरी, 2020 के प्रभाव से पांच प्रतिशत किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\