जरुरी जानकारी | नेपाल में भारत से प्याज का आयात दो सप्ताह बाद फिर शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
काठमांडू, 21 जून नेपाल में कारोबारियों ने भारत से प्याज का आयात दो सप्ताह के बाद फिर से शुरू कर दिया है। नेपाल सरकार की ओर से पिछले महीने आयातित सब्जियों एवं फलों पर 13 प्रतिशत वैट लगाने के फैसले के बाद व्यापारियों ने भारत से प्याज खरीदना बंद कर दिया था।
सब्जी विक्रेता सोमवार से ही काठमांडू की मुख्य सब्जी मंडी कालीमाटी फल एवं सब्जी मंडी में प्याज लाने लगे। इसके बाद मंगलवार व बुधवार को प्याज की सबसे बड़ी खेप मंडी में पहुंची।
मंडी विकास समिति के उप कार्यकारी निदेशक अर्जुन प्रसाद आर्यल ने कहा, “कालीमाटी सब्जी मंडी में भारत से प्याज आने लगा है। मंगलवार और बुधवार को काठमांडू में थोक की सबसे बड़ी सब्जी मंडी में कुल 145 टन प्याज पहुंचा है।”
उन्होंने कहा कि मंडी में सब्जी की सुचारू आपूर्ति है क्योंकि व्यापारियों ने मूल्य-वर्द्धित कर (वैट) चुकाकर प्याज लाना शुरू कर दिया है।
नेपाल की संसद में गत 29 मई को पेश वित्त विधेयक के अनुसार, आयातित प्याज, आलू और अन्य सब्जियों और फलों पर 13 प्रतिशत की दर से वैट लगेगा।
थोक बाजार में 48 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकने वाला प्याज खुदरा बाजारों में 70 रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत पर बिक रहा है।
कालीमाटी बाजार में एक सब्जी विक्रेता भरत उप्रेती ने कहा, “हम तीन-चार दिनों से भारत से प्याज लाने लगे हैं। आयातित सब्जियों पर 13 प्रतिशत वैट चुकाने से पहले हमें नौ प्रतिशत सब्जी आयात शुल्क और पांच प्रतिशत अग्रिम कर भी चुकाना होता है।”
उन्होंने कहा, “वैट हटाने की हमारी मांग अब भी कायम है, लेकिन हमने ग्राहकों के हित में प्याज आयात करना शुरू कर दिया है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)