कोविड-19 का असर: बायोकॉन का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 42 प्रतिशत घटा
बेंगलुरु स्थित बायोफार्मास्युटिकल्स कंपनी ने कहा कि इस दौरान उसकी आय इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में छह प्रतिशत बढ़कर 1,644 करोड़ रुपये रही।
बेंगलुरु, 15 मई बायोकॉन लिमिटेड का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में 42 प्रतिशत घटकर 123 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी के कारण उसका बायोलॉजिकल कारोबार प्रभावित होने से यह कमी आई।
बेंगलुरु स्थित बायोफार्मास्युटिकल्स कंपनी ने कहा कि इस दौरान उसकी आय इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में छह प्रतिशत बढ़कर 1,644 करोड़ रुपये रही।
वित्त वर्ष 2019-20 में कंपनी की आय 15 प्रतिशत की बढ़कर 6,529 करोड़ रुपये रही, जबकि इस दौरान उसका शुद्ध लाभ चार प्रतिशत बढ़कर 760 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी की कार्यकारी अध्यक्ष किरण मजूमदार शॉ ने कहा कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के दौरान कोविड-19 महामारी के कारण बॉयोलॉजिकल कारोबार प्रभावित होने से आय में छह प्रतिशत की वृद्धि ही हो सकी।
उन्होंने कहा, "हमें विश्वास है कि बॉयोलॉजिकल कारोबार में वित्त वर्ष 2020-21 की पहली तिमाही में सुधार होगा और दूसरी तिमाही में यह पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।"
उन्होंने कहा, "हम कोविड-19 से जुड़ी अभूतपूर्व चुनौतियों से जूझ रहे हैं और एक विज्ञान आधारित कंपनी के रूप में हम कोविड-19 से निपटने के लिए नैदानिक परीक्षण, टीके और थेरेपी जैसी कई पहल में शामिल हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 09:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

