देश की खबरें | आईएमडी ने महाराष्ट्र के कोंकण तट पर भारी बारिश का अनुमान जताया

मुंबई, 23 मई भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के तटीय जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताते हुए शुक्रवार अपराह्न 'रेड अलर्ट' जारी किया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं।

सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है तथा राजधानी मुंबई के पड़ोसी जिले रायगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होने का अनुमान है।

'रेड अलर्ट' अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका को इंगित करता है।

मौसम विभाग ने कहा कि कोंकण तटीय क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है।

आईएमडी ने रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जिसमें शनिवार से अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है।

पड़ोसी जिलों ठाणे और पालघर के लिए भी ऐसा ही पूर्वानुमान लगाया गया है।

पुणे, कोल्हापुर और सतारा के घाट क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है, जबकि नासिक के घाट क्षेत्रों में भी वर्षा हो सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)