देश की खबरें | जम्मू में अवैध रूप से रेत का खनन करने वाले गिरोह ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला

जम्मू, 13 जून जम्मू शहर के बाहरी इलाके में तवी नदी में अवैध रूप से रेत खनन में शामिल लोगों के एक गिरोह के हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि सोमवार शाम को हुई इस घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। कुकडियाल इलाके में अवैध खनन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खनन विभाग की एक टीम पुलिस के सहयोग से मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक जब पुलिसकर्मियों ने अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही मशीनरी को जब्त करने की कोशिश की, तो बड़ी संख्या में अवैध खनन करने वाले गिरोह के करीबी लोग मौके पर आ गए और उन पर हमला कर दिया।

इस हमले में दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वाले लोगों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली मशीनों को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)