देश की खबरें | आईआईटी इंदौर बना रहा ‘स्मार्ट ग्लास’ : गर्मियों में ठंडी और सर्दियों में गर्म रहेंगी इमारतें
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में विशेष ‘पोरस ऑर्गेनिक पॉलीमर’ (पीओपी) की मदद से विकसित किया जा रहा ‘स्मार्ट ग्लास’ खिड़कियों के इस्तेमाल का तरीका बदल कर पर्यावरण हितैषी इमारतों के निर्माण में मदद कर सकता है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 29 जुलाई इंदौर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में विशेष ‘पोरस ऑर्गेनिक पॉलीमर’ (पीओपी) की मदद से विकसित किया जा रहा ‘स्मार्ट ग्लास’ खिड़कियों के इस्तेमाल का तरीका बदल कर पर्यावरण हितैषी इमारतों के निर्माण में मदद कर सकता है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आईआईटी इंदौर के रसायन विज्ञान विभाग के अनुसंधानकर्ता डॉ. सायंतन सरकार ‘ट्रांसलेशनल रिसर्च फैलोशिप’ (टीआरएफ) के तहत बिजली से चलने वाला 'स्मार्ट ग्लास' बनाने की परियोजना पर काम कर रहे हैं। इस परियोजना को रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर सुमन मुखोपाध्याय और भौतिकी विभाग के प्रोफेसर राजेश कुमार के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह 'स्मार्ट ग्लास' नये विकसित ‘वायलोजन’ पर आधारित पीओपी की मदद से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 'स्मार्ट ग्लास' अपने माध्यम से गुजरने वाले सूर्य के प्रकाश और ऊष्मा की मात्रा नियंत्रित कर सकता है।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘सबसे खास बात है कि ‘स्मार्ट ग्लास’ बिजली के प्रति त्वरित प्रतिक्रिया के चलते अपना रंग और पारदर्शिता का स्तर बदल सकता है। नतीजतन किसी कमरे में सूर्य के प्रकाश और ऊष्मा के प्रवेश की तीव्रता को जरूरत के मुताबिक नियंत्रित किया जा सकता है। इससे किसी इमारत को गर्मियों में ठंडी और सर्दियों में गर्म रखा जा सकता है।’’
अधिकारियों ने बताया कि यह 'स्मार्ट ग्लास' एयर कंडीशनर और बिजली से चलने वाले प्रकाश उपकरणों की जरूरत घटाकर ऊर्जा बचाने में भी मदद करता है जिससे कार्बन उत्सर्जन में जाहिर तौर पर कटौती होगी।
उन्होंने बताया, "इस ‘स्मार्ट ग्लास’ को कमरों के परदों की जगह लगाया जा सकता है और भविष्य में यह खिड़की की पारंपरिक प्रणालियों की जगह ले सकता है। इससे पर्यावरण हितैषी भवन बनाने में मदद मिल सकती है।’’
अधिकारियों ने बताया कि इस 'स्मार्ट ग्लास' के बड़े पैमाने पर वाणिज्यिक उत्पादन के वास्ते उद्योग जगत के भागीदारों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2025 01:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

