देश की खबरें | इफको बहुत जल्द नैनो डीएपी भी लांच करेगा: मांडविया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को यहां कहा कि देश को उर्वरक के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए इफको बहुत जल्द नैनो डीएपी भी लांच करने जा रहा है।

फूलपुर (प्रयागराज), 14 फरवरी केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को यहां कहा कि देश को उर्वरक के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए इफको बहुत जल्द नैनो डीएपी भी लांच करने जा रहा है।

जिला मुख्लालय से 35 किलोमीटर दूर फूलपुर में नैनो यूरिया के नवनिर्मित संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद मांडविया ने कहा कि इस संयंत्र के साथ नैनो यूरिया उत्पादन के तीन संयंत्र (कल्लोल, आंवला, फूलपुर) परिचालन में आ गए हैं।

मंत्री ने कहा कि उर्वरक और रसायन को लैब से खेतों तक लाने में एक लंबी यात्रा करनी पड़ती है।

इफको ने नैनो डीएपी पर अनुसंधान कर लिया है और इसे सभी वैज्ञानिकों से मंजूरी मिल गई है।

सरकार से मंजूरी मिलने के बाद बहुत जल्द ही नैनो डीएपी भी किसानों की पहुंच में आ जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में एक बोरी डीएपी 1350 रुपये में मिलता है। इस एक बोरी डीएपी की जगह 500 मिली का नैनो डीएपी लेगा जिसकी कीमत लगभग 700 रुपये होगी।

मांडविया ने कहा, “यह नैनो यूरिया आने वाले दिनों में किसानों का भविष्य बदलेगा, उनकी प्रगति सुनिश्चित करेगा, उनकी आय बढ़ाएगा और साथ ही उनकी मिट्टी भी बचाएगा। किसानों को एक बोरी यूरिया जितना नाइट्रोजन एक बोतल नैनो यूरिया से मिल जाएगा। इसकी 500 मिली की बोतल महज 225 रुपये में उपलब्ध है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है और नये भारत का निर्माण हो रहा है। मंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्ष में देश को खाद एवं उर्वरक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है और आज 70-90 लाख मीट्रिक टन यूरिया आयात हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बाहर से यूरिया ना मंगाना पड़े, बल्कि देश में निर्मित यूरिया विदेश भेजें, इस दिशा में भारत आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ने कहा कि इन तीनों संयंत्रों में से प्रत्येक में प्रतिदिन दो लाख बोतल नैनो यूरिया का उत्पादन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी, उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, प्रबंध निदेशक उदय शंकर अवस्थी, विपणन प्रमुख योगेंद्र कुमार और इफको फूलपुर इकाई के प्रमुख संजय कुदेसिया उपस्थित थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now