देश की खबरें | जरूरत पड़ी तो महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत साबित कर सकती हैं शिवसेना-भाजपा : चंद्रशेखर बावनकुले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (फाइल तस्वीर के साथ)
(फाइल तस्वीर के साथ)
लातूर, 10 मई महाराष्ट्र में शिवसेना से जुड़े राजनीतिक संकट पर उच्चतम न्यायालय के फैसले से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ शिवसेना-भाजपा गठबंधन जरूरत पड़ने पर 288 सदस्यीय विधानसभा में 184 से अधिक वोट हासिल कर बहुमत साबित कर सकता है।
बावनकुले ने संवाददाताओं से कहा कि उच्चतम न्यायालय की ओर से फैसला सुनाए जाने से पहले उस पर टिप्पणी करना, अदालत की अवमानना के समान है।
शीर्ष अदालत ने इस साल मार्च में राज्य में पिछले साल के राजनीतिक संकट से संबंधित उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुटों की याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसमें ठाकरे के नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करने वाले शिवसेना के 16 विधायकों (शिंदे गुट) को अयोग्य ठहराने की मांग भी शामिल थी।
उच्चतम न्यायालय के संभावित फैसले के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में बावनकुले ने कहा, ‘‘ विपक्ष के नेता (अजित पवार) और शरद पवार भी जानते हैं कि मौजूदा एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार को कोई खतरा नहीं है। लेकिन, जरूरत पड़ी तो हम राज्य विधानसभा में 184 से ज्यादा वोट जीतकर बहुमत साबित करेंगे। ’’
उन्होंने कहा कि कुछ लोग फैसले को लेकर कयास लगा रहे हैं और यदि शीर्ष अदालत इसका संज्ञान लेती है तो वह उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर सकती है।
गौरतलब है कि पिछले साल जून में शिंदे और 39 विधायकों ने शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी। इसके परिणामस्वरूप पार्टी टूट गई थी और ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी सरकार (जिसमें राकांपा और कांग्रेस भी शामिल हैं) गिर गई थी।
शिंदे ने बाद में महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा के साथ गठबंधन किया।
शिंदे ने 30 जून, 2022 को मुख्यमंत्री जबकि भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
बावनकुले ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में लड़े जाएंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘ अगली सरकार भी शिवसेना-भाजपा गठबंधन की ही बनेगी। हम एक साथ 48 लोकसभा सीटें जीतेंगे और विधानसभा चुनाव भी जीतेंगे। ’’
बावनकुले ने बताया कि प्रदेश भाजपा ने एक करोड़ घरों तक पहुंचने के लिए ‘घर चलो अभियान’ शुरू किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)