ताजा खबरें | अगर भाजपा सत्ता में आयी तो ओडिशा के पांच लाख लोगों को राम मंदिर की मुफ्त तीर्थयात्रा कराएंगे : हिमंत
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओडिशा की सत्ता में आती है तो राज्य के पांच लाख लोगों को अयोध्या के राम मंदिर की मुफ्त तीर्थयात्रा कराई जाएगी।
मलकानगिरि (ओडिशा), नौ मई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओडिशा की सत्ता में आती है तो राज्य के पांच लाख लोगों को अयोध्या के राम मंदिर की मुफ्त तीर्थयात्रा कराई जाएगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यहां कालीमेला में एक रैली को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर मलकानगिरी जिले में गांवों के नाम संख्याओं पर रखने के लिए निशाना साधा।
शर्मा ने कहा, ''असम में मैंने एक लाख लोगों को अयोध्या ले जाने का फैसला किया और इसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। ओडिशा, असम से बड़ा राज्य है इसलिए पांच लाख लोगों को यह सुविधा मिलनी चाहिए। अगर भाजपा ओडिशा की सत्ता में आती है तो पार्टी का मुख्यमंत्री इस तीर्थयात्रा की सुविधा देगा।''
शर्मा ने मलकानगिरी जिले में बड़ी संख्या में बांग्ला भाषी आबादी से जुड़ने की भी कोशिश की और लोगों को आश्वासन दिया कि अन्य वादों के साथ-साथ बांग्ला शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी। वर्ष 1971 के बांग्लादेश युद्ध के बाद मलकानगिरी जिले में लगभग एक लाख बांग्ला भाषी लोगों का पुनर्वास किया गया था।
असम के मुख्यमंत्री ने जिले में गांव के नाम एमवी-82 और एमवी-83 आदि रखने पर कहा, ''जेल में कैदियों को ही इस तरह से बुलाया जाता है लेकिन यहां गांवों के नाम संख्याओं पर रखे गये हैं। यह लोगों का अपमान है।''
शर्मा ने कहा, ''बांग्ला शिक्षकों की नियुक्ति और इन गांवों के नाम बदलना भाजपा की गारंटी है।''
उन्होंने ओडिशा के युवाओं को रोजगार देने में विफल रहने के लिए भी बीजद सरकार की आलोचना की।
शर्मा ने जोर देकर कहा, ''युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं। अगर भाजपा की सरकार बनती है तो हम मेरिट के आधार पर तीन लाख युवाओं को रोजगार देंगे।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)